Kannauj: 60 हजार देने के बाद भी एडमिट कार्ड नहीं मिला, छात्रों का जोरदार हंगामा…कंसल्टेंसी ऑपरेटर को जमकर पीटा
Kannauj News: कन्नौज में राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के बाहर बिहार से आए बीएड परीक्षार्थियों ने 60 हजार रुपये देने के बाद भी प्रवेश पत्र न मिलने पर कंसल्टेंसी कंपनी के संचालक को पीट दिया। हालांकि, हंगामे की सूचना पुलिस को नहीं मिली और भीड़ ने मामला शांत कराया।
विस्तार
कन्नौज जिले में राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के बाहर शनिवार को बिहार से आए बीएड परीक्षार्थियों ने प्रवेश पत्र न मिलने पर हंगामा किया और कंसल्टेंसी कंपनी के संचालक को पीट दिया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। काफी देर तक हंगामा होता रहा, लेकिन पुलिस को घटना की जानकारी तक नहीं हुई। भीड़ ने मामला शांत कराया। चौधरीसराय बांगर स्थित राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के बाहर बिहार के दरभंगा निवासी चिंटू कुमार ने बताया कि एक कंसल्टेंसी कंपनी से बीएड का फॉर्म भरवाया था।
उनके साथ मुकेश कुमार समेत कई छात्रों ने भी बीएड में प्रवेश लिया था। शनिवार से तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा दो 2.30 बजे परीक्षा होनी थी। सुबह वह लोग परीक्षा देने के लिए कॉलेज के बाहर पहुंचे, लेकिन कंसल्टेंसी के कर्मियों ने प्रवेश पत्र नहीं दिया। उन लोगों ने कॉलेज के बाहर मौजूद कंसल्टेंसी कंपनी के व्यक्ति से प्रवेश पत्र मांगा तो उन्होंने सही जवाब नहीं दिया। परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने 60 से 65 हजार रुपये दिए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें प्रवेश पत्र नहीं दिए गए। इसी बात पर गुस्साए परीक्षार्थियों ने कंपनी के व्यक्ति को पकड़कर पीट दिया।
ऑनलाइन दिए थे 60 हजार रुपये
सुबह-सुबह कॉलेज के बाहर हुए हंगामे और मारपीट को देखकर आसपास के लोग पहुंच गए और मामले को शांत करने का प्रयास किया। मुकेश कुमार और चिंटू कुमार ने बताया कि कंपनी ने कई दलाल लगा रखे हैं, जो प्रवेश के नाम पर रुपये वसूलते हैं। परीक्षा के समय प्रवेश पत्र न मिलने से उन्हें परीक्षा में शामिल होने में मुश्किल हो रही है। चिंटू ने बताया कि उसने 60 हजार रुपये ऑनलाइन दिए थे, लेकिन अब और रुपये मांगे जा रहे हैं। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है।