Kannauj: ‘थप्पड़ कांड’ से गरम हुई इत्रनगरी की सियासत, सपा-भाजपा में वार-पलटवार
देश-दुनिया में खुशबू के लिए मशहूर इत्रनगरी इन दिनों ‘थप्पड़ कांड’ से सुर्खियों में है। भाजपा सांसद सुब्रत पाठक पर पुलिसकर्मियों से मारपीट का मामला सामने आने और उसकी रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सपा लगातार हमलावर है। पुलिस के साथ ही धक्कामुक्की व मारपीट के मामले को लगातार उछालकर सपा का खेमा कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है। जवाब में खुद भाजपा सांसद मोर्चा संभालकर सपा को उसके शासनकाल में कानून-व्यवस्था की याद दिला रहे हैं।
अब पुलिस संग हुई घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला फिर से तूल पकड़ रहा है। कन्नौज में सपा और भाजपा के बीच होने वाला सियासी टकराव जगजाहिर है। लोकसभा के अलावा यहां की तीनों विधानसभा सीट पर भाजपा काबिज है। यहां की खोई सियासी विरासत को संभालने के लिए सपा का खेमा सक्रिय है। दो जून की रात शहर की गल्ला मंडी स्थित पुलिस चौकी में पुलिसकर्मियों के सािा हुई घटना का वीडियो और फोटो को सबसे पहले सपा ने ही सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार पर सवाल दागा था।
अखिलेश कर चुके हैं कन्नौज से लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान
दरअसल कन्नौज से लगातार तीन बार सांसद रह चुके सपा मुखिया अखिलेश यादव अगले साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव कन्नौज से ही लड़ने का इशारा कर चुके हैं। उन्होंने मैनपुरी में पिछले साल हुए उपचुनाव के दौरान यहां एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही थी। उसके बाद से ही सपा और भाजपा के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। उस दौरान भी सांसद सुब्रत पाठक ने उन्हें यहां से हराने की बात कहते हुए किसी भी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा था कि पार्टी से अनुरोध करूंगा कि वह मुझे उसी सीट से टिकट दे, जहां से अखिलेश यादव चुनाव लड़ेंगे।