प्रतीक्षा पाल मर्डर: मां की दवा लेने निकली थी बेटी, रास्ते में घात लगाए थे ‘कसाई’, गला रेतकर खाई में फेंकी लाश
Kannauj News: छिबरामऊ में मां की दवा लेने निकली बीएससी की छात्रा की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव 15 फीट गहरी एक खाई में बरामद हुआ है।
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवली क्षेत्र में घर से मां की दवा लेने निकली बीएससी की छात्रा का शव उधरनपुर पुल पास 15 फीट गहरी खाई में पड़ा मिला था। शव पर धारदार हथियार से सिर व गर्दन पर हमले के निशान मिले हैं। शनिवार को परिजनों ने लोहिया अस्पताल स्थित मोर्चरी में पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी है। नगर के मोहल्ला भैनपुरा नई बस्ती निवासी अहिबरन सिंह पाल की बेटी प्रतीक्षा पाल (18) उर्फ अंशिका एक निजी महाविद्यालय में बीएससी की छात्रा है। मां ऊषा पाल ने बताया कि प्रतीक्षा शुक्रवार की दोपहर एक बजे उसकी दवा लेने के लिए निकली थी।
सड़क किनारे खाई में मिला युवती का शव
काफी देर तक वो वापस नहीं लौटी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चल पाया। शनिवार को परिजनों को फर्रुखाबाद जनपद के जहानगंज थाना क्षेत्र में उधरनपुर पुल के पास सड़क के किनारे युवती का शव खाई में मिलने की जानकारी हुई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
घर में पिता व भाई के न होने पर रिश्तेदारों ने मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान अंशिका के रूप की। उधर फर्रुखाबाद सड़क पर मिला शव नगर की अंशिका का होने की जानकारी होने पर कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई और घर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले।
एक युवक बाइक से गुजरता हुआ दिखाई पड़ा
फुटेज में अंशिका पैदल जाते हुए दिखाई दे रही है, जबकि उसके आगे कुछ दूरी पर एक युवक सफेद रंग की बाइक से धीमी गति से गुजरता हुआ दिखाई दे रहा है। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि जांच पड़ताल शुरू कर दी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
मां के साथ रहती थी अंशिका
परिजनों ने बताया कि अंशिका के पिता अहिबरन सिंह पाल नागपुर में एक पेपर मिल में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उसके एक भाई अमन पाल है, जो अहमदाबाद की पेपर मिल में काम करता है। वह अपनी मां के साथ रहती थी और बीएससी की पढ़ाई कर रही थी।
संभाल रखी थी घर की जिम्मेदारी
पिता और भाई की गैर मौजूदगी में पढ़ाई के साथ अंशिका ने घर की जिम्मेदारी संभाल रखी थी। अंशिका का शव मिले की जानकारी होने पर पिता व भाई घर के लिए रवाना हो गए थे। इन सभी के देर रात घर पहुंचने का अनुमान है।