कन्नौज: बेखौफ चोरों का तीन मंदिरों पर धावा, नकदी समेत लाखों का सामान पार, ग्रामीणों का हंगामा, जांच शुरू
Kannauj News: सौरिख थाना क्षेत्र अंतर्गत बौसिया गांव में स्थित बाबा हंसराज महाराज समाज सेवा आश्रम से चोरों ने तीन मंदिरों के ताले तोड़कर दानपात्र से 35 हजार रुपये नकद, चार भारी पीतल के घंटे, इन्वर्टर-बैटरी, मूर्तियां व आभूषण पार कर दिए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस गश्त और जल्द खुलासे की मांग को हंगामा किया।
विस्तार
कन्नाैज जिले में सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम बौसिया स्थित बाबा हंसराज महाराज समाज सेवा आश्रम में चोरों ने धावा बोला।। रात के अंधेरे में आश्रम परिसर में घुसे चोरों ने एक-दो नहीं, बल्कि तीन मंदिरों के ताले तोड़ डाले। दानपात्र से नकदी निकालने के साथ ही चोर आश्रम से भारी मात्रा में सामान समेट ले गए। सुबह घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे और पुलिस से जल्द खुलासा करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
आश्रम के महंत सुदामा लाल के अनुसार, परिसर में तीन मंदिर पहले से स्थापित हैं, जबकि चौथे मंदिर का निर्माण चल रहा है। रात में चोरों ने आश्रम में प्रवेश कर तीनों मंदिरों के ताले तोड़ दिए। करीब 35 हजार की नकदी समेत दानपात्र को उठा ले जाने के साथ ही चोर मंदिर परिसर से इन्वर्टर-बैटरी, करीब 25-25 किलोग्राम वजनी चार पीतल के घंटे, करीब 100 मीटर बिजली की केबल, तीन पंखे, बर्तन और मूर्तियों के आभूषण भी चोरी कर ले गए।
टूटे ताले और बिखरा सामान देखा
सुबह आश्रम में चोरी का पता चला तो आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मंदिरों के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि धार्मिक स्थल में इस तरह चोरी की घटना से लोगों की आस्था भी आहत हुई है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
उन्होंने रात में गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। प्रदर्शन में राजूपाल, अवधेश कुमार, रणजीत सिंह, बेचेलाल, भोजराज, काशीराम, राकेश चंद्र, जालेश्वर प्रसाद, रणवीर सिंह, अर्पित सिंह, भानुप्रताप, सर्वेश, रामपाल, देवेंद्र सिंह, रंजीत सिंह, रामविलास, ओंकार सिंह और मोतीलाल समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।