Kannauj Accident: एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलटी बस, चालक को झपकी आने से हुआ हादसा, एक की मौत और 40 घायल
Kannauj News: अचानक हुए हादसे में बस में सो रही सवारियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में घायल हुए देवरिया जनपद की निवासी प्रियंका भारती (26) पुत्री रामदयाल को गंभीर हालत में सैफई के मिनी पीजीआई भेजा गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। वहीं, घायलों की संख्या लगभग 40 बताई जा रही है।
विस्तार
कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी लगने से अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे जाकर पलट गई। इस हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि लगभग 40 लोग घायल हो गए। स्लीपर बस गोरखपुर से दिल्ली जा रही थी।
सूचना पर पहुंची जनपद के कई अस्पतालों की एम्बुलेंस बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। घायलों को सैफई के मिनी पीजीआई और तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जगदंबा ट्रैवल्स की डबल स्लीपर लगभग 60 सवारियों को गोरखपुर से दिल्ली लेकर दिल्ली जा रही थी।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे से होकर गुजरते समय बुधवार को सुबह चार बजे थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर के सामने किलोमीटर संख्या 148 पर बस चालक को झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर को तोड़ते हुए कई बार पलटते हुए नीचे गिरी।
एक की मौत और 40 घायल
अचानक हुए हादसे में बस में सो रही सवारियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में घायल हुए देवरिया जनपद के गांव कूडर पोस्ट बैदा निवासी प्रियंका भारती (26) पुत्री रामदयाल को गंभीर हालत में सैफई के मिनी पीजीआई भेजा गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। वहीं, घायलों की संख्या लगभग 40 बताई जा रही है।
घायलों को बस के शीशे तोड़कर निकाला गया
सूचना पर पहुंचे सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह व नामवर सिंह और सौरिख व सकरावा थाने की पुलिस समेत जनपद के सौरिख, छिबरामऊ, हसेरन, तालग्राम, गुरसहायगंज संगीत कई अस्पतालों की एम्बुलेंस बचाव कार्य में जुट गईं। घायलों को बस के शीशे तोड़कर निकाला गया।
सौरिख सीएचसी में 25 लोग हैं भर्ती
लगभग 40 घायलों को उपचार के लिए मिनी पीजीआई सैफई और सौरिख सीएचसी और तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। सौरिख सीएचसी में 25 लोगों को भर्ती कराया गया है। इसमें नौ लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
क्रेन से बस को निकाला जा रहा है
इनमें रामकुमार (28), अर्पित (5), मृदुला देवी (47), कुंदन (30), रीमा (22), जीत नारायण (30), सुनीता देवी (33), मोहन (55) और करुणाकर (50) शामिल हैं। वहीं बस को क्रेन से सीधा कराया जा रहा है। पुलिस द्वारा यातायात को सुचारू रूप से शुरू कराया गया है।