रिश्ते शर्मसार: कलयुगी बेटे ने सौतेली मां से किया दुष्कर्म, विरोध पर पीट-पीटकर किया मरणासन्न
अतर्रा थाना क्षेत्र में एक बेटे ने अपनी सौतेली मां से दुष्कर्म किया। वहीं, विरोध करने पर पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
विस्तार
बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र में कलयुगी बेटे ने शनिवार देर रात दूसरे घर में अकेली रह रहे सौतेली मां के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पीट-पीटकर मरणासन्न कर भाग निकला। पीड़ित की सूचना पर ससुराल से पहुंची बेटी ने सीएचसी में उसे भर्ती कराया।
पुलिस दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार देर रात एक युवक ने अकेली रह रहे 40 वर्षीय सौतेली मां से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर महिला को पीट-पीटकर मरणासन्न कर भाग निकला।
पीड़िता ने अतर्रा स्थित ससुराल में रह रही बेटी को रो-रोकर सौतेले बेटे की करतूत बताई। आनन-फानन मौके पर पहुंची बेटी ने मां को एम्बुलेंस से अतर्रा सीएचसी ले आई और पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश में दबिश
पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पीड़िता के मेडिकल की प्रक्रिया पूरी कर रही है। इंस्पेक्टर अनूप दुबे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धारा 376/450/323/504/506 में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पीड़िता के पति ने की हैं दो शादियां
उन्होंने बताया कि महिला का पति और दो बेटे हैं, जो बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जो अपनी ससुराल में रहती हैं। पति ने दो शादियां की थीं और दोनों पत्नी अलग-अलग रहती हैं। उनके घर पास-पास बने हैं।