Jalaun: किसान की मधुमक्खियों के काटने से मौत, खेत में जुताई करते समय किया था हमला, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Jalaun News: कदौरा थाना क्षेत्र में खेत की जुताई करते समय मधुमक्खियों के हमले से किसान की मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
जालौन जिले के कदौरा थाना क्षेत्र में खेत में जुताई करने गए किसान के ऊपर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मुंह व जीभ में काट लेने से वह गंभीर हो गया। पहुंचे परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में किसान की मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के पथरेहटा गांव निवासी किसान लक्ष्मण सिंह (35) सोमवार की शाम खेत में ट्रैक्टर से जुताई करने गए थे। परिजनों ने बताया कि जब वह बोतल से पानी पी रहे थे, तभी वहां बैठी मधुमक्खियों ने उसके ऊपर हमला कर दिया। जीभ व मुंह में काट लेने से किसान गंभीर हो गया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
बीपी बहुत कम था और मुंह के अंदर सूजन थी
परिजनों ने बताया कि उनके एक पुत्र व एक पुत्री है। किसान की मौत से पत्नी कल्पना सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीएचसी में तैनात डॉ. अभिषेक सचान ने बताया कि किसान गंभीर अवस्था में लाए गए थे। उनका बीपी बहुत कम था और मुंह के अंदर सूजन थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया था। थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने कहा कि मधुमक्खी के काटने से युवक की मौत हुई है। जांच की जा रही है।