Jalaun Accident: खड़े डंपर से भिड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली, उड़े परखच्चे…चालक घायल, पुलिस ने पहुंचाया जिला अस्पताल
Jalaun News: आटा थाना क्षेत्र में कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली टकरा गई, जिससे ट्रैक्टर चालक हरिशंकर (36) बुरी तरह फंसकर घायल हो गया; जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद निकालकर उरई जिला अस्पताल भिजवाया।
विस्तार
जालौन जिले में आटा थाना क्षेत्र में कानपुर–झांसी नेशनल हाईवे पर आटा बस स्टैंड के पास सड़क पर खड़े डंपर में पीछे से जा टकराई ट्रैक्टर-ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर चालक हरिशंकर दोनों वाहनों के बीच बुरी तरह फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल को निकाला। इसके बाद एनएचएआई की एम्बुलेंस से उरई जिला अस्पताल भिजवाया।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के उसरगांव निवासी हरिशंकर (36) किसी काम से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर उरई गया था। शनिवार देर रात वह काम निपटाकर वापस गांव लौट रहा था। जैसे ही वह आटा बस स्टैंड के करीब पहुंचा, तभी उसका ट्रैक्टर सड़क पर पहले से खड़े डंपर से जा टकराया। तेज रफ्तार में हुए इस टक्कर से आवाज सुन स्थानीय दुकानदार मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घायल को जिला अस्पताल भिजवाया
सूचना मिलते ही आटा पुलिस मौके पर पहुंची और फंसे हुए चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद हरिशंकर को बाहर निकाला गया। पुलिस ने तुरंत एनएचएआई की एम्बुलेंस बुलाकर घायल को उरई जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा किया है।