Hardoi: खेत जोतने गए युवक की रोटावेटर से कटकर मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
Hardoi News: संडीला क्षेत्र के सांक गांव में मंगलवार को युवक की खेत में रोटावेटर से कटकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जबरन ले जाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
विस्तार
हरदोई जिले में संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सांक में मंगलवार को खेत जोतने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में रोटावेटर से कटकर मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ग्राम सांक निवासी जाहिद अली (25) पुत्र स्व. अलीजान मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।
परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग खेत जोतने के लिए उसे घर से जबरन अपने साथ ले गए थे, जबकि जाहिद जाने को तैयार नहीं था। देर शाम सूचना मिली कि जाहिद रोटावेटर की चपेट में आ गया है। परिजन जब मौके पर पहुंचे, तो जाहिद का खून से लथपथ पड़ा मिला। उसे संडीला सीएचसी ले जाया गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई राहत अली ने बताया कि जाहिद चार बहनों में सबसे बड़ा भाई था और परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। कोतवाल विद्या सागर पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।