दुपट्टा, गमछा और मौत: ‘जीते जी न मिल सके, तो मौत को लगाया गले’, कुर्ते पर लिखे नाम दे रहे गवाही, पढ़ें मामला
Hardoi Crime News: शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक और किशोरी ने पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। किशोरी के परिजनों ने युवक के खिलाफ पहले ही अपहरण का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद दोनों के शव मंगलवार सुबह बरामद हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरदोई जिले में शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गिगियानी में सरकारी ट्यूबवेल के पास लगे बकैना के पेड़ पर मंगलवार सुबह एक युवक और किशोरी का शव फंदे से लटका मिला। युवक ने गमछे से, जबकि किशोरी ने दुपट्टे से फंदा लगाया। मामला प्रेम प्रसंग का है। किशोरी के पिता ने सोमवार शाम ही युवक पर किशोरी को शादी के लिए बहलाकर ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मृतक खानदानी रिश्ते में भाई-बहन लगते हैं। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक मोहल्ले में रहने वाली किशोरी (16) सोमवार शाम शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी। वापस न पहुंचने पर परिजन ने तलाश की। इस दौरान पता चला कि किशोरी के घर के सामने रहने वाला रवि उर्फ टाइगर (26) भी घर में नहीं है। इस पर किशोरी के चाचा ने शाहाबाद कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज करा दी।
दोनों के शव फंदे से लटके मिले
मंगलवार सुबह गिगियानी में सरकारी ट्यूबवेल के पास पेड़ की एक ही डाल पर दोनों के शव फंदे से लटके मिले। चौकीदार शिवपाल ने इसकी जानकारी परिजन और पुलिस को दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ लग गई। घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण मौके पर पहुंचे।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
दोनों मृतकों के परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मृतक एक ही खानदान के हैं और रिश्ते में भाई-बहन लगते हैं। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। परिजन ने फिलहाल कोई कार्रवाई करने की बात नहीं कही है। अगर परिजन कोई शिकायत करेंगे, तो कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।
किशोरी ने पेन से अपने कुर्ते पर युवक के साथ लिखा था नाम
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। जरूरी नमूने जुटाए। इस दौरान पता चला कि किशोरी ने अपने कुर्ते पर रवि का नाम लिखा था। रवि के नाम के साथ उसने अपना नाम भी लिखा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव भी एक-दूसरे से गले मिलते हुए फंदे पर लटक रहे थे।
कई बार नाराजगी जता चुके थे परिजन
विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि किशोरी और रवि के प्रेम प्रसंग की जानकारी दोनों के परिजन को थी। दोनों के परिजन इस पर आपत्ति जताते थे। कई बार परिजन दोनों से नाराजगी जता चुके थे और आपस में दूरी बना लेने की नसीहत भी दी थी।