{"_id":"6a9fd0155095dd67890f4adf","slug":"ed-written-to-kerala-dgp-demanding-registration-fir-against-ex-cm-vijayan-daughter-his-son-in-law-in-cmrl-case-2026-09-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीएमआरएल केस: केरलम के पूर्व सीएम विजयन परिवार पर दर्ज हो सकती है एफआईआर, ईडी ने डीजीपी को खत में क्या लिखा?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
सीएमआरएल केस: केरलम के पूर्व सीएम विजयन परिवार पर दर्ज हो सकती है एफआईआर, ईडी ने डीजीपी को खत में क्या लिखा?
Tue, 08 Sep 2026 02:37 PM IST
प्रशांत तिवारी
पीटीआई, तिरुवनंतपुरम
पीटीआई, तिरुवनंतपुरम
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Tue, 08 Sep 2026 02:37 PM IST
सार
सीएमआरएल से जुड़े कथित रिश्वत और फर्जी भुगतान मामले में ईडी ने पीएमएलए की धारा 66(2) के तहत केरल DGP को पत्र भेजकर पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, उनकी बेटी टी. वीना, दामाद पी.ए. मोहम्मद रियास और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। ED का आरोप है कि सीआमआरएल ने वीना की कंपनी एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस को IT कंसल्टेंसी के नाम पर 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया था। वहीं विजयन और CPI(M) ने ED की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है।
विज्ञापन
सीएमआरएल केस
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
प्रवर्तन निदेशालय ने कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड से जुड़े कथित रिश्वत मामले में केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, उनकी बेटी टी. वीना और दामाद पी.ए. मोहम्मद रियास के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। सरकारी सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि ईडी ने इस संबंध में केरलम के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा है।
विज्ञापन
पीएमएलए की धारा 66(2) के तहत भेजा गया पत्र
सरकारी सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 66(2) के तहत यह पत्र भेजा है। इसमें मामले की जांच के दौरान सामने आए निष्कर्षों का हवाला दिया गया है। पीएमएलए के तहत धारा 66(2) ED को अपनी आपराधिक जांच से सामने आए निष्कर्ष किसी अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसी के साथ साझा करने का अधिकार देती है, ताकि नई FIR या शिकायत दर्ज की जा सके। पुलिस द्वारा दर्ज किए गए ऐसे मामले के आधार पर ED बाद में PMLA के तहत भी मामला दर्ज कर सकती है।
विज्ञापन
तलाशी और जांच में मिले सबूतों का हवाला
सूत्रों के मुताबिक, ED ने पीएमएलए के तहत इस मामले की जांच और तलाशी के दौरान मिले कथित 'सबूतों' के आधार पर केरलम के पुलिस महानिदेशक से पिनाराई विजयन, टी. वीना, पी.ए. मोहम्मद रियास और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
विज्ञापन
CMRL पर फर्जी भुगतान का आरोप
ईडी का आरोप है कि केरलम की माइनिंग कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड 'IT कंसल्टेंसी सर्विस' के नाम पर वीना की अब बंद हो चुकी कंपनी 'एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस' को 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया। केंद्रीय एजेंसी ने जून में वीना के उस ठिकाने पर भी तलाशी ली थी, जहां वह राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम में पिनाराई विजयन के साथ किराए के मकान में रह रही थीं। इसके बाद ED ने उनसे पूछताछ भी की थी।
हाथ से लिखे नोट और दुबई फंड ट्रांसफर का जिक्र
ED ने अगस्त में जारी एक बयान में कहा था कि वीना टी. के खिलाफ की गई तलाशी के दौरान कुछ "हाथ से लिखे" नोट जब्त किए गए थे। एजेंसी के मुताबिक, इन नोटों में दुबई में कुछ फंड ट्रांसफर किए जाने का विवरण दर्ज था।
ये भी पढ़ें: 'चिप से शिप तक भारत निर्माण की गाथा लिख रहा': वडोदरा में जेन-जी से बोले पीएम मोदी, विपक्ष को बताया नाराज फूफा
'राजनीतिक और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे'
वीना के पति और सीपीआई(एम) नेता पी.ए. मोहम्मद रियास ने कहा था कि वह और पार्टी ED की कार्रवाई का राजनीतिक और कानूनी, दोनों स्तरों पर सामना करेंगे। ED की कार्रवाई में उनके घरों और उनसे जुड़े लोगों के कारोबार की तलाशी भी शामिल रही है। सीपीआई(एम) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन ने भी इसी तरह की प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि ED अब मोहम्मद रियास को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है। वहीं, पिनाराई विजयन ने अपनी बेटी के खिलाफ ED की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया था।