Hardoi: महिला से कुंडल लूटने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली…अस्पताल में भर्ती
Hardoi News: सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र महिला का कुंडल लूटने वाले दो युवकों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से दोनों घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
हरदोई जिले के सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में महिला का कुंडल छीन कर भागने वाले शातिरों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गया। पुलिस द्वारा दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बता दें कि लोनार कोतवाली क्षेत्र के बेटियनपुरवा निवासी रामकिशन अपनी पत्नी फूल कुमारी और मासूम बच्चे के साथ छह जुलाई को बाइक से घोड़ीथर जा रहा था।
सवायजापुर कोतवाली क्षेत्र में महरेपुर गांव के पास बाइक से आए दो लोगों ने फूल कुमारी का कुंडल छीन लिया था। इस दौरान फूल कुमारी बाइक से गिर गई थी और गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसका उपचार लखनऊ में चल रहा है और हालत गंभीर बनी हुई है। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने तीन टीम गठित की थी। बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस कोतवाली क्षेत्र के वृंदावन तिराहे पर तैनात थी
ये सामान हुआ बरामद
इसी दौरान एक बाइक से दो युवक आते नजर आए। दोनों युवकों को पुलिस ने घेर लिया। इनमें से एक युवक ने पुलिस पर फायर कर दिया, तो पुलिस ने भी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से देहात कोतवाली क्षेत्र के नयागांव गोदाई निवासी सचिन पुत्र सुरेंद्र और सचिन पुत्र राम सुशीर घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इनके कब्जे से दो तमंचे,एक खोखा, एक मिस कारतूस, दो कारतूस घटना में इस्तेमाल बाइक और 5200 बरामद हुए हैं।