यूपी: जय प्रकाश बोले- पूरा देश रोशनी कर रहा…यहां अंधेरा लिए बैठे, सांसद के पहुंचते ही गुल हुई स्टेशन की बिजली
Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर आयोजित आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद जय प्रकाश के पहुंचते ही एसी वेटिंग रूम की बिजली गुल हो गई। इस पर भड़के सांसद ने रेलवे अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई और मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही।
विस्तार
हरदोई जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बृहस्पतिवार रात पूरा देश जगमगा रहा था। भाजपा सांसद जय प्रकाश भी रात में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम की शुरूआत करने रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। एसी वेटिंग रूम में उनके पहुंचते ही बिजली ही गुल हो गई। इस पर सांसद का पारा चढ़ गया। मौके पर मौजूद रेलवे के अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए सांसद ने कहा कि पूरा देश रोशनी कर रहा है और यहां अंधेरा लिए बैठे हो।
अमृत भारत योजना के तहत हरदोई रेलवे स्टेशन निर्माणाधीन है। हालांकि काफी काम हो चुका है। प्लेटफार्म संख्या एक पर एसी वेटिंग रूम भी बन चुका है। बृहस्पतिवार को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम रेलवे स्टेशन पर भी आयोजित था। यहां मुख्य अतिथि सांसद जय प्रकाश थे। वह कार्यक्रम में शामिल होने समर्थकों के साथ पहुंचे, लेकिन एसी वेटिंग रूम में पहुंचते ही बिजली गुल हो गई।
बोले- उच्चाधिकारियों से करेंगे शिकायत
मौके पर मौजूद एसएसई कृष्ण कुमार और सीएमआई अंबुज से सांसद ने बिजली गुल होने पर नाराजगी जताई। अपने बचाव में रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि एसी वेटिंग रूम की व्यवस्था प्राइवेट कंपनी के हाथ में है। रेलवे के अधिकारियों ने आनन फानन ही जनरेटर चलवाया गया। सांसद जय प्रकाश ने बताया कि इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से करेंगे। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर हर जगह रोशनी हो रही थी और स्टेशन पर लाइट नहीं मिली।