खौफनाक राज: ‘एक कमरा...दो लाशें और अनसुलझे सवाल', फंदे पर लटके थे देवर-भाभी, प्रेम प्रसंग की चर्चा, पढ़ें मामला
Hardoi News: बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र स्थित हबीबनगर गांव में शुक्रवार सुबह बंद कमरे में देवर और भाभी के शव कुंडे से लटके मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना को लेकर इलाके में प्रेम-प्रसंग की चर्चाएं हैं।
विस्तार
हरदोई जिले में बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के हबीबनगर में शुक्रवार की सुबह बंद कमरे में देवर और भाभी के शव छत के कुंडे से लटके मिले। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सूचना पर पहुंची मृतका की मां ने देवर पर ही भाभी की पिटाई करने के बाद लटकाने और फिर खुदकुशी करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।हबीबनगर गांव निवासी राजाराम के तीन बेटों में सबसे बड़ा देशराज और सबसे छोटा बेटा रामरूप (22) बिजली मैकेनिक हैं और बाहर रहकर काम करते थे।
सात दिन पहले ही गांव लौटा था
बड़े बेटे देशराज की पत्नी सीमा (35) गांव में ही अपने तीन बेटे आयुष (10), शिव्यांश (8) और लक्ष्य (7) के साथ अलग मकान में रहती थी। पिता राजाराम ने बताया कि देशराज बीते एक माह से अयोध्या में काम कर रहा है और रामरूप भी वहीं था। सात दिन पहले ही वह गांव लौटा था। बताया कि रामरूप कभी अपने घर तो कभी सीमा के घर पर रुक जाता था।
दुपट्टे के फंदे से सीमा और साड़ी से रामरूप लटका मिला
बृहस्पतिवार रात को भी वह वहीं पर था। राजाराम ने बताया कि शुक्रवार की सुबह साढ़े सात बजे उनका पोता शिवांश मां को पुकारते हुए दूसरे कमरे में गया। दरवाजा अंदर से बंद था, तो उसने दीवार में बने झरोखे से झांक कर देखा। कमरे में छत के कुंडे से दुपट्टे के फंदे से सीमा और साड़ी से रामरूप को लटके देखा। उसने यह जानकारी बाबा राजाराम को दी।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतरवाए। पंचनाम भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं बिलग्राम के झालापुरवा निवासी मृतका की मां सुदामा ने रामरूप पर सीमा की पिटाई के बाद हत्या कर शव लटकाने और फिर खुदकुशी करने का आरोप लगाया है।
फाॅरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॅारेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। इसमें दुपट्टे और साड़ी को भी साक्ष्य के रूप में रख लिया गया। बिलग्राम कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजन से मिलने वाले शिकायती पत्र के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में प्रेम प्रसंग की चर्चा, परिजनों ने साधी चुप्पी
बंद कमरे में देवर और भाभी के शव लटके मिलने पर क्षेत्र में प्रेस प्रसंग की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। मृतका की मां सुदामा ने बताया कि सीमा का मझले देवर जगदीश और उसकी पत्नी से कम बनती थी। इसलिए समधी राजाराम ने पुराना घर देशराज और सीमा को दे दिया था।
ऐसा होगा यह पता नहीं था
कुछ ही दूरी पर नए मकान में जगदीश और रामरूप के साथ पत्नी राजकुमारी रहने लगे थे। रामरूप और देशराज एक साथ काम करते थे। ऐसे में दोनों के बीच अच्छी बनती थी। रामरूप कभी पुराने मकान पर, तो कभी नए मकान पर रहता और खाता था। उन्हें नहीं पता कि आखिर उनके बीच में क्या चल रहा है। राजाराम ने भी कहा कि वह एक साथ रहते थे। कुछ चर्चाएं तो सुनी थी, लेकिन ऐसा होगा यह पता नहीं था।