हमीरपुर: कुत्तों को चाउमीन खिलाने पर बवाल, दबंग ने लाइसेंसी पिस्टल से झोंका फायर, कार का शीशा टूटा, जांच शुरू
Hamipur News: हमीरपुर के विवेक नगर में आवारा कुत्तों को चाउमीन खिलाने के विवाद में शशिकांत तिवारी ने लाइसेंसी पिस्टल से आशीष साहू और उसकी कार पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हमीरपुर जिले में विवेक नगर मोहल्ले में सोमवार रात चाउमीन का बचा हुआ सामान आवारा कुत्तों को डालने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद शशिकांत तिवारी ने लाइसेंसी पिस्टल से युवक आशीष साहू पर फायर कर दिया। आशीष ने भागकर जान बचाई। इसके बाद मौके पर पहुंचे उसके पारिवारिक भतीजे की कार पर भी फायरिंग की गई। इससे कार का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की।
रमेड़ी चौराहा निवासी आशीष साहू ने बताया कि वह अकिल तिराहा पर चाउमीन का ठेला लगाते हैं। सोमवार रात करीब 11:20 बजे ठेला बंद करने के बाद बचा हुआ सामान लेकर एचडीएफसी बैंक के सामने किराये पर ली गई अपनी गुमटी पर पहुंचे थे। वहां वह बचा हुआ सामान आवारा कुत्तों को डाल रहे थे। तभी शशिकांत तिवारी वहां पहुंचे और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर तहरीर के मुताबिक शशिकांत तिवारी और उनके दो अज्ञात साथियों ने लाइसेंसी पिस्टल से जान से मारने की नीयत से उन पर फायर कर दिया।
कार पर भी गोली चलाई, अगला शीशा हुआ क्षतिग्रस्त
आशीष भागकर बचा और परिजनों को फोन किया। बताया कि कुछ देर बाद उसका पारिवारिक भतीजा अर्पित साहू कार लेकर मौके पर पहुंचा। अर्पित उससे घटना के बारे में पूछ रहा था। तभी शशिकांत तिवारी दोबारा वहां पहुंच गए और फायरिंग करने लगे। डर के कारण दोनों कार में बैठ गए। आरोप है कि इसके बाद कार पर भी गोली चलाई गई, जिससे उसका अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। भीड़ जुटने पर शशिकांत तिवारी और उसके दोनों साथी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
10-15 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची
मौके पर मौजूद सचिन साहू ने बताया कि विवाद के बाद पिस्टल उनके भाई के सीने पर तान दी गई थी। इसके बाद फायरिंग की गई। सचिन ने फायरिंग में भाई के हाथ में चोट लगने की बात भी कही। वहीं अशोक नामदेव ने मौके पर कई राउंड फायरिंग होने और कार में गोली लगने की बात बताई। हालांकि फायरिंग में कितने राउंड चले और चोट की स्थिति क्या है, इसकी पुलिस जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी राम आसरे सरोज ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के करीब 10-15 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
वीडियो देखकर प्रारंभिक तौर पर तीन राउंड फायरिंग होने की बात सामने आ रही है। देर रात सभी दुकानें बंद हो चुकी थीं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग को लेकर भी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ने आशीष साहू की तहरीर पर शशिकांत तिवारी और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ जान से मारने के प्रयास, आपराधिक धमकी देने और जानबूझकर अपमान कर शांति भंग के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना सुरेंद्र पटेल कर रहे हैं।