Kanpur: मंदिर में चोरी की...जमानत कटवाकर जेल चला गया गैंगस्टर, CCTV की मदद से पकड़ा गया, रिमांड पर लेगी पुलिस
Kanpur News: तिरुपति बालाजी मंदिर हूलागंज में 22 फरवरी को हुई चोरी का खुलासा हो गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में पुलिस खुद जेल गए गैंगस्टर को रिमांड पर लेगी।
विस्तार
कानपुर में हरबंशमोहाल के हूलागंज स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर में 22 फरवरी को हुई चोरी का खुलासा हो गया है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया तो उसने दूसरे का नाम बताया। पुलिस जब उसके घर पहुंची, तो पता चला कि जमानत पर बाहर घूम रहा आरोपी चोरी के तीन दिन बाद गैंगस्टर के आरोप में जमानत कटाकर दोबारा जेल चला गया।
पुलिस अब उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में है। डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार ने बताया कि 22 फरवरी को स्कूटी सवार बदमाशों ने मंदिर में चोरी की थी। दानपात्र से रुपये और मंदिर में रखे बर्तन व भगवान के कुछ गहने व पुजारी का लैपटॉप ले गए थे। पुलिस ने पुजारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस ने मंदिर परिसर से लेकर कल्याणपुर तक करीब 390 कैमरे खंगाले। इस दौरान पुलिस को शातिरों की स्कूटी का नंबर हासिल हो गया। इसके बाद शिवली रोड कल्याणपुर निवासी आशीष बाजपेई उर्फ बब्लू और शिवराजपुर निवासी रामू ठाकुर तक पहुंची। पुलिस ने रामू को गिरफ्तार किया।
19300 रुपये, लैपटॉप, मोबाइल आदि बरामद
पता चला, आशीष कल्याणपुर में दर्ज गैंगस्टर के मामले में पहले ही जेल जा चुका है। पुलिस ने रामू के पास से चोरी के 19300 रुपये, लैपटॉप, मोबाइल व घटना में प्रयुक्त बाइक व अन्य उपकरण बरामद किए हैं। डीसीपी ईस्ट श्रवण कुमार ने बताया कि हरबंशमोहाल पुलिस को ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे कैमरों से पुलिस को मदद मिली।
ट्रू कॉलर पर नाम आता है आशीष बाजपेई चोर
मंदिर में चोरी का मास्टरमाइंड आशीष बाजपेई को फोन करने पर ट्रू कॉलर में आशीष बाजपेई चोर लिखकर आता है। पुलिस की टीम जब उसके घर पहुंची तो पता चला कि वह 25 फरवरी को जमानत कटवाकर जेल चला गया। इस दौरान उसने अपने साथी से चोरी के रुपयों से पैरवी करने के लिए कहा था। आशीष के खिलाफ कल्याणपुर में चोरी के तीन और बिठूर में हत्या का मुकदमा दर्ज है। रामू के खिलाफ कल्याणपुर और हरबंशमोहाल में चोरी समेत तीन मामले दर्ज हैं।