Fatehpur: साड़ी फंसी और कंटेनर ने कुचला, मंदिर से लौट रही महिला की मौत, सीसीटीवी की मदद से वाहन की तलाश
Fatehpur News: बक्सर मंदिर से दर्शन कर लौट रही महिला की साड़ी का पल्ला कंटेनर में फंसने से वह ई-रिक्शा से गिर गई, जिसके बाद ट्रक ने कुचल दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
फतेहपुर जिले में मां चंद्रिका देवी मंदिर बक्सर से दर्शन कर लौट रही महिला चौडगरा में ई-रिक्शा से अचानक गिर गई। गिरने के बाद कंटेनर ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के गांव हप्सापुर निवासी अधिवक्ता स्व: रामसरन की पत्नी फूलकली अपने मायके अकधना थाना सजेती कानपुर गई हुई थी।
वहीं से शुक्रवार को किराए का ई-रिक्शा करके अपनी भतीजी व पड़ोसी महिलाओं के साथ मां चंद्रिका देवी मंदिर बक्सर दर्शन करने गई थी। वापस लौटते समय ई-रिक्शा हाईवे में विपरीत दिशा में चलते हुए चौडगरा की तरफ आ रहा था। तभी चौडगरा में अभिनव प्रज्ञा महाविद्यालय गेट के सामने हाईवे पर अचानक महिला ई-रिक्शा से गिर गई। चौडगरा से फतेहपुर की ओर जा रहा कंटेनर का टायर महिला के ऊपर चढ़ गया।
सीसीटीवी की मदद से कंटेनर की खोजबीन
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा है। मृतका के दो पुत्र रोहित व सुमित हैं। थानाध्यक्ष सुमित देव पांडेय ने बताया कि महिला की साड़ी का पल्ला कंटेनर में फंसने से महिला गिर गई और कंटेनर ट्रक की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सीसीटीवी की मदद से कंटेनर की खोजबीन की जाएगी।