कानपुर: CSJMU परीक्षा में फर्जीवाड़ा, बंडल खोलकर पेपर हाल करते मिलीं छात्राएं, तीनों पालियों की परीक्षा निरस्त
Kanpur News: सीएसजेएमयू की विषम सेमेस्टर परीक्षा के दौरान उन्नाव के बांगरमऊ स्थित आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज में सामूहिक नकल और गंभीर अनियमितता पकड़ी गई है। पर्यवेक्षक के जाते ही बंडल खोलकर दोबारा उत्तर लिखवाने का मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार की तीनों पालियों की परीक्षाएं निरस्त कर केंद्र को डिबार कर दिया है।
विस्तार
कानपुर में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं में नकल और गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। उन्नाव के बांगरमऊ स्थित आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज में पर्यवेक्षक के केंद्र से निकलते ही उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल खोल दिए गए। परीक्षार्थियों को दोबारा कॉपियां थमाकर निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी उत्तर लिखवाए जाते रहे। इतना ही नहीं बाहरी व्यक्ति भी परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र हल कराने में मदद करते मिले।
सूचना मिलने पर पर्यवेक्षक दोबारा केंद्र पहुंचे तो तीनों पालियों की उत्तर पुस्तिकाओं के पैकेट खुले मिले। मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार को तीनों पालियों की परीक्षाएं निरस्त कर दीं और कॉलेज को परीक्षा केंद्र से डिबार कर दिया। विश्वविद्यालय में 14 नवंबर से विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं। इसके तहत उन्नाव के बांगरमऊ स्थित आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज (यूएन-77) को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
तीनों पालियों की कॉपियों के पैकेट खुले पड़े थे
सोमवार को यहां तीन पालियों में परीक्षा कराई गई। तीसरी पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद पर्यवेक्षक केंद्र से निकल गए। कुछ दूर ही पहुंचे थे कि उन्हें उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल खोलकर दोबारा उत्तर लिखवाए जाने की सूचना मिली। इस पर वह तत्काल केंद्र लौटे। वहां तीनों पालियों की कॉपियों के पैकेट खुले पड़े थे और छात्राएं बैठकर उनमें उत्तर लिख रही थीं। बाहरी लोगों की मदद से पेपर हल कराए जाने की भी जानकारी सामने आई। पर्यवेक्षक ने तत्काल विश्वविद्यालय प्रशासन को पूरे मामले से अवगत कराया।
तीन महाविद्यालयों का केंद्र था कॉलेज
आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज (यूएन-77) में अयोध्या प्रसाद मिश्रा महाविद्यालय फतेहपुर चौरासी (यूएन-35), मां शांति देवी महाविद्यालय (यूएन-44) और अब्दुल गफ्फार महाविद्यालय (यूएन-72) का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अनियमितता सामने आने के बाद तीनों पालियों की परीक्षाएं निरस्त कर दीं। संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं को अनुचित साधन प्रयोग (यूएफएम) की श्रेणी में रखा गया है। आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज को परीक्षा केंद्रों की सूची से हटा दिया गया है। यहां परीक्षा देने वाले अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की शेष परीक्षाएं अब दूसरे केंद्रों पर कराई जाएंगी।
इन विषयों की परीक्षाएं हुईं निरस्त
निरस्त की गई परीक्षाओं में बीए प्रथम सेमेस्टर की अंग्रेजी, तृतीय सेमेस्टर की अंग्रेजी और पंचम सेमेस्टर की हिंदी की परीक्षा शामिल हैं। इसके अलावा एमएससी प्रथम सेमेस्टर में जंतु विज्ञान और गणित, तृतीय सेमेस्टर में वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान की परीक्षाएं निरस्त की गई हैं। इसी तरह एमए प्रथम सेमेस्टर के समाजशास्त्र, गणित, शिक्षा शास्त्र, भूगोल, हिंदी और अंग्रेजी तथा तृतीय सेमेस्टर के हिंदी और समाजशास्त्र विषय की परीक्षाएं भी रद कर दी गई हैं।
यह बेहद गंभीर मामला है। विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में किसी भी केंद्र पर गड़बड़ी या अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -प्रो. विनय कुमार पाठक, कुलपति, सीएसजेएमयू
