फतेहपुर सड़क हादसा: अनियंत्रित डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक को रौंदा...सिर कुचलने से मौत, साथी घायल
Fatehpur News: ललौली थाना क्षेत्र में गिट्टी लदे डंपर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठे युवक का सिर कुचलने से मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना प्रभारी तारकेश्वर राय ने बताया की डंपर पकड़ गया है। चालक का पता लगाकर कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार
फतहेपुर जिले के बहुआ कस्बे में अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक में पीछे बैठा युवक डंपर के पहिए के नीचे आ गया और सिर कुचलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात साढ़े 10 बजे ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ के समीप बड़ी नहर के पास बांदा-टांडा हाईवे में गिट्टी लदे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मार दी।
इससे बाइक में पीछे बैठा सोहन यादव (40) पुत्र स्व. रज्जन यादव निवासी थाना ललौली डंपर के पहिए के नीचे गिर गया। उसका सिर कुचल गया और मौके पर उसकी मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा बरवट गांव निवासी उमेश निषाद(32) पुत्र सुरजदीन निषाद के सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया
उसका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद चालक और खलासी गिट्टी लदे डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। मृतक सोहन यादव बाइक सवार अपने दोस्त उमेश निषाद निवासी बरवट के साथ सिधांव गांव से बहुआ लौट रहा था।
सोहन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे में सोहन यादव की मौत से भाइयों छंगेलाल यादव, बुधराज यादव, अवधलाल, जगमोहन और सत्येंद्र यादव का रो-रोकर हाल बेहाल है। मृतक अपने भाइयों से तीसरे नंबर का था और किसानी करता था। मृतक की शादी नहीं हुई थी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।