Fatehpur: शादी से एक दिन पहले लेखपाल ने की आत्महत्या, SIR कार्य के दबाव और धमकी का आरोप, जांच शुरू
Fatehpur News: बिंदकी में जहानाबाद विधानसभा में एसआईआर कार्य में तैनात लेखपाल ने अपनी शादी से एक दिन पहले फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने अधिकारियों द्वारा निलंबन की धमकी और कार्य के दबाव को आत्महत्या का कारण बताया है।
विस्तार
फतेहपुर जिले में बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा कस्बा निवासी लेखपाल सुधीर कुमार कोरी (25) ने शादी से एक दिन पहले फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुधीर जहानाबाद विधानसभा में एसआईआर का कार्यरत थे। उनकी शादी 26 नवंबर को होनी थी और घर में पहले ही शादी की रस्में शुरू हो चुकी थीं।
सोमवार रात परिवार के लोग सोने चले गए थे। मंगलवार सुबह उठने पर उन्होंने कमरे में सुधीर की लाश फंदे से लटकती देखी। आत्महत्या के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। मौके पर एसडीएम प्रियंका और कोतवाल हेमंत मिश्रा पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अभिभागीय अधिकारियों द्वारा उन्हें निलंबित करने की धमकी दी गई थी।
कमरा बंद करके लगा लिया था फंदा
बताया गया कि मंगलवार सुबह लगभग छह बजे कानूनगो सुधीर के घर पहुंचे और फीडिंग के लिए कुछ फॉर्म की गड्डी सौंप कर चले गए। इसके कुछ समय बाद करीब सात बजे सुधीर ने कमरा बंद करके फंदा लगा लिया। लगभग साढ़े सात बजे परिजन फंदे पर लटकते हुए उन्हें देखकर दंग रह गए। पुलिस और प्रशासन घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।