Fatehpur: टैंकर में तार फंसने से चार बिजली के खंभे गिरे, 200 घरों और दुकानों की बिजली आपूर्ति ठप, मरम्मत जारी
Fatehpur News: धाता कस्बे में एक टैंकर के तार में फंस जाने से चार बिजली के खंभे गिर गए। इससे करीब 4,000 लोग 18 घंटे तक अंधेरे में रहे।
विस्तार
फतेहपुर जिले के धाता कस्बे में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया, जब एक टैंकर में बिजली का तार फंस जाने से चार बिजली के खंभे टूटकर गिर गए। यह घटना देर रात करीब 10 बजे दीप नारायण चौराहे के पास हुई, जिससे करीब 200 घरों और दुकानों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
धाता सड़क पर निर्माण कार्य के चलते रात में मध्य प्रदेश से आने वाले सीमेंट के बड़े टैंकर अक्सर निकलते हैं। सोमवार को एक टैंकर में ढीले केबल फंस गए, जिससे खंभे टूटते चले गए। अचानक बिजली गुल हो जाने से लगभग 4,000 से अधिक लोग 18 घंटे तक अंधेरे और उमस में परेशान रहे, जिससे महिलाओं को निर्जला व्रत के दौरान भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली विभाग कर रहा है मरम्मत
स्थानीय निवासियों ने बताया कि तारों को ठीक से नहीं खींचा गया है और खंभों के बीच की दूरी भी बहुत ज्यादा है। इससे अक्सर वाहन तारों में उलझ जाते हैं। अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि टूटे खंभों और तारों की मरम्मत का काम मंगलवार शाम तक पूरा करके बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।