Farrukhabad: डॉक्टर से 3.19 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी में नाइजीरिया का युवक गिरफ्तार
यूपी के फर्रुखाबाद में डॉक्टर से 3.19 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले नाइजीरिया के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
फर्रुखाबाद में महिला डॉक्टर से 3.19 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने दिल्ली से नाइजीरिया के युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त किया मोबाइल बरामद किया है। शहर कोतवाली के मोहल्ला सधवाड़ा स्ट्रीट लोहाई रोड निवासी अशोका नर्सिंग होम के डायरेक्टर डॉक्टर अमित शुक्ला ने साइबर थाने में एसपी विकास कुमार के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया था।
इसमें आरोप लगाया कि पत्नी डॉ. शिवानी ने पुत्र अर्नव शुक्ला की आंखों का इलाज कराने के लिए फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा। उसको देखकर डॉ. एलेक्स जेबिन लंदन के मोबाइल नंबर पर बात कर पुत्र की आंखों की दवाई भेजने के संबंध में बात की। मोबाइल पर बात कर रहे व्यक्ति ने दवाई भेजने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों से 3.19 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। मुकदमे की विवेचना साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार कर रहे हैं। विवेचना में देश नाइजीरिया ब्रांस स्ट्रीट लागोस निवासी ओलाटेय ओलाडेले का नाम प्रकाश में आया।
उसके मोबाइल नंबर की लोकेशन निकाली गई। इसमें उसका पता दिल्ली थाना निहाल बिहार चंदन नगर वीर बाजार रोड का निकला। साइबर थाना पुलिस ने सर्विलांस प्रभारी विशेष कुमार के साथ दिल्ली में दबिश देकर ओलाटेय ओलाडेले नाम के नाइजीरिया के युवक को गिरफ्तार कर लिया। एसपी विकास कुमार ने पुलिस लाइन के सभागार में घटनाक्रम का खुलासा किया। पुलिस ने पकड़े गए नाइजीरिया के युवक को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।