Etawah: विजिलेंस के हत्थे चढ़े घूसखोर डिप्टी CMO, 3.5 लाख की मांगी थी घूस, दो लाख पहले ले चुके थे, पूछताछ जारी
Etawah News: कानपुर विजिलेंस टीम ने डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालन की अनुमति देने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए डिप्टी सीएमओ श्रीनिवास यादव को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने कुल साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से दो लाख वह पहले ही ले चुके थे।
विस्तार
इटावा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कानपुर विजिलेंस टीम ने रजिस्ट्रेशन प्रभारी एवं डिप्टी सीएमओ श्रीनिवास यादव को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उन्होंने श्रीजी डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालन की अनुमति एवं संबंधित औपचारिकताओं को पूरा कराने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार पीड़ित नवीन ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि श्रीनिवास यादव उनसे डायग्नोस्टिक सेंटर खोलने के लिए साढ़े तीन लाख रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी अधिकारी पहले ही दो लाख रुपये ले चुके थे और शेष राशि की मांग लगातार कर रहे थे। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और एक लाख रुपये की रिश्वत लेते समय उन्हें पकड़ लिया।
स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी अधिकारी को सिविल लाइंस थाने ले गई, जहां एक कक्ष में उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। वहीं, इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस टीम अब मामले में रिश्वतखोरी के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।