चित्रकूट: जमीन के लालच में बड़े भाई ने बेटे के साथ मिलकर छोटे भाई की हत्या, लाठी-डंडे से हमला
Chitrakoot News: भरतकूप थाना क्षेत्र के भरथौल गांव में जमीन-मकान के विवाद में छोटे भाई की हत्या कर दी गई। आरोप है कि बड़े भाई ने अपने बेटे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने किराना की दुकान पर बैठे शिव प्रकाश (50) पर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला किया।
विस्तार
जमीन पर गिरने के बाद पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। भरथौल निवासी शिव प्रकाश बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी किराना की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उनका बड़ा भाई बोधी लाल और उसका बेटा गुलाब वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने शिव प्रकाश पर जमीन और मकान अपने नाम करने तथा न्यायालय में विचाराधीन मुकदमे में सुलह करने का दबाव बनाया।
दुकान से बाहर घसीटकर हमला
परिजनों के मुताबिक, शिव प्रकाश ने जमीन-मकान अपने नाम करने और मुकदमे में सुलह करने से इनकार कर दिया। इस पर बोधी लाल और गुलाब ने उसे दुकान से बाहर घसीट लिया। आरोप है कि दोनों ने लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में शिव प्रकाश जमीन पर गिर गए, जिसके बाद पत्थर से हमला कर उनकी जान ले ली गई। परिजन गंभीर रूप से घायल शिव प्रकाश को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
लंबे समय से चल रहा था जमीन का विवाद
थाना प्रभारी विनोद कुमार राय ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय में विचाराधीन था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद में हत्या की वारदात हुई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।