यूपी के अन्य शहरों की तरह कानपुर में भी ईद का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दे रहे हैं। ईद की नमाज को लेकर प्रत्येक ईदगाह पर नमाजियों की भीड़ रही।
इस मौके पर कानपुर के डीएम सुरेंद्र कुमार सिंह, एडीजी अविनाश चंद्र, आईजी आलोक सिंह, एसएसपी सोनिया सिंह समेत सभी बड़े प्रशासनिक अधिकारियों ने ईद की बधाईयां दीं।
ईद के अवसर पर कानपुर शहर में कई जगह नमाज अदा की गई, लेकिन हर किसी की ख्वाहिश बड़ी ईदगाह पर नमाज पढ़ने की होती है। दूसरे जगहों की अपेक्षा यहां देर से हुए नमाज में लाखों नमाजी शामिल हुए।
नमाज के बाद सब एक दूसरे को गले लगकर बधाई दी। लोग एक-दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद दे रहे हैं। सेवइयां, पकवान और मिठाई भी बांटी जा रही है।
कानपुर के रेलबाजार थाना अंतर्गत फेथफुलगंज मैदान में अमन और खुशहाली की दुआ में हजारों महिलाओं के हाथ उठे। कानपुर का ये एकमात्र ईदगाह ऐसा है, जहां केवल महिलाएं ही नमाज पढ़ती हैं। दशकों पहले यहां महिला और पुरुष सभी साथ नमाज अदा करते थे।