Unnao: फाग जुलूस के दौरान नशेबाजों का उत्पात…भीड़ ने किया पथराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई चुटहिल
Unnao News: बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में फाग जुलूस के दौरान नशेबाजों ने गालीगलौज कर उत्पात मचाया। पुलिस के समझाने पर पथराव भी किया। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
विस्तार
उन्नाव जिले में गंजमुरादाबाद कस्बे के जोगियाना मोहल्ले में फाग जुलूस के दौरान शरारती तत्वों ने शराब पीकर गालीगलौज कर उत्पात मचाया। समझाने का प्रयास करने पर पुलिस से अभद्रता और पथराव किया। इसमें कोतवाल, चौकी प्रभारी और एक सिपाही को चोट आईं। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज से गुस्साए ग्रामीण धरने पर बैठ गए।
एडीएम और सीओ ने त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने और पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न करने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। तीन घंटे बाद जुलूस आगे बढ़ा। बांगरमऊ कोतवाली के गंजमुरादाबाद में जोगियाना मोहल्ले से शुक्रवार दोपहर दो बजे जैसे ही फाग जुलूस पहुंचा। कुछ शरारती तत्वों ने नशे में अभद्र भाषा का प्रयोग कर माहौल बिगड़ने का प्रयास शुरू किया।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने किया लाठीचार्ज
फाग जुलूस में साथ रही पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस से ही उलझ गए। इस दौरान भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने पथराव भी किया। बांगरमऊ कोतवाल अवनीश सिंह, नगर पुलिस चौकी प्रभारी ऋषि कपूर और दीवान घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। मारपीट में कस्बे के ही अनिल कश्यप और सतीश राठौर को सिर में चोट आई।
गुस्साए होरियारे धरने पर बैठ गए
बंटी सहित छह लोगों को भी चोटें आईं हैं। लाठीचार्ज से गुस्साए होरियारे वहीं धरने पर बैठ गए। सीओ अरविंद कुमार एसडीएम नम्रता सिंह और ब्लॉक प्रमुख पति विवेक पटेल पहुंच गए। सभी के समझाने पर शाम छह बजे ग्रामीण शांत हुए और फाग जुलूस आगे बढ़ सका। सीओ अरविंद कुमार चौरसिया ने बताया कि फाग जुलूस के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था।
