फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Dr Anushka admitted that she had done hair transplant on engineers spent night in general womens prison

UP: डॉ. अनुष्का ने माना- किया था इंजीनियरों को हेयर ट्रांसप्लांट, सामान्य महिला बंदी गृह में गुजारी रात

Wed, 28 May 2025 06:43 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर Published by: हिमांशु अवस्थी Updated Wed, 28 May 2025 06:43 AM IST
सार

Kanpur Hair Transplant Case: डीसीपी (पश्चिम) दिनेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अनुष्का ने इस बात को स्वीकार किया है कि वह वर्ष 2019 से हेयर ट्रांसप्लांट कर रही है। डॉक्टर ने हेयर ट्रांसप्लांट का डिप्लोमा होने की बात भी बताई है।

विज्ञापन
Dr Anushka admitted that she had done hair transplant on engineers spent night in general womens prison
क्लीनिक में लगा ताला और डॉ. अनुष्का - फोटो : amar ujala

विस्तार

मैं एक निजी कॉलेज से डिप्लोमा करने के बाद वर्ष 2019 से हेयर ट्रांसप्लांट कर रही हूं। पनकी पॉवर प्लांट में तैनात सहायक अभियंता विनीत दुबे और इंजीनियर मयंक कटियार का मैंने ही केशवपुरम स्थित इंपायर क्लीनिक में हेयर ट्रांसप्लांट किया था। यह क्लीनिक यहां तीन माह पहले ही शिफ्ट किया गया है। इससे पहले कल्याणपुर के आवास विकास में क्लीनिक था, जहां हेयर ट्रांसप्लांट किया जाता था।

विज्ञापन

एफआईआर दर्ज होने के बाद से परिवार के साथ फरार हो गई थी। यह बातें डॉ. अनुष्का ने मंगलवार को जेल में दर्ज कराए गए बयान में कहीं। हेयर ट्रांसप्लांट के बाद दो इंजीनियरों की मौत के मामले में जेल में बंद डॉ. अनुष्का के बयान दर्ज करने के लिए मंगलवार को पुलिस ने कोर्ट से अनुमति मांगी थी। अनुमति मिलने के बाद विवेचक जेल पहुंचे और अनुष्का के बयान दर्ज किए।

विज्ञापन

कई और अहम सवालों से उठेगा पर्दा
पुलिस उसके बयानों को विवेचना में शामिल करेगी। डीसीपी (पश्चिम) दिनेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अनुष्का ने इस बात को स्वीकार किया है कि वह वर्ष 2019 से हेयर ट्रांसप्लांट कर रही है। डॉक्टर ने हेयर ट्रांसप्लांट का डिप्लोमा होने की बात भी बताई है। हालांकि यह डिप्लोमा कहां से लिया गया है, इसके बारे में वह नहीं बता सकी। डीसीपी के मुताबिक इसी आधार पर बुधवार को डॉ. अनुष्का का पुलिस कस्टडी रिमांड कोर्ट से मांगा जाएगा। रिमांड के बाद कई और अहम सवालों से पर्दा उठेगा।

सरेंडर से पहले अनुष्का बोली थी, नहीं किया ट्रांसप्लांट
अनुष्का अभी तक हेयर ट्रांसप्लांट न करने की बात कहती आई है। पुलिस को भेजे गए जवाब और अग्रिम जमानत अर्जी दोनों में अनुष्का ने दावा किया था कि विनीत दुबे उनकी क्लीनिक में दांत का इलाज करने आए थे। उन्होंने बालों के संबंध में सलाह ली थी। इसके बाद विनीत दुबे ने हेयर ट्रांसप्लांट डॉ. सिंह व सर्जन मनीष कुमार से बर्रा स्थित एक चैरिटेबल अस्पताल में कराया था। अस्पताल में लापरवाही हुई होगी। उन्हें फंसाया जा रहा है। ऐसे में डॉ. अनुष्का ने कोर्ट को भी गुमराह करने का काम किया है।

विज्ञापन

हेयर ट्रांसप्लांट मामले कमेटी ने रिपोर्ट सौंपी, अभी है अधूरी
हेयर ट्रांसप्लांट की जांच के लिए बनी स्वास्थ्य कमेटी ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट सीएमओ को सौंप दी। फिलहाल रिपोर्ट सिर्फ निजी अस्पताल की ओर से भेजे गए दस्तावेजों के आधार बनाई गई है। इसमें विनीत की मौत दवाओं, केमिकल रिएक्शन (एनाफिलैक्टिक शॉक), प्रोसीजर के दौरान ओटी में संक्रमण होने पर सेप्टिक शॉक से होने की आशंका की पुष्टि की गई है।

मल्टीऑर्गन फेल्योर होने की भी संभावना
इसी से मल्टीऑर्गन फेल्योर होने की भी संभावना दर्शाई है। हालांकि इसे स्वास्थ्य विभाग और खुद कमेटी भी अभी मुकम्मल नहीं मान रही है।  इनका मानना है कि इसमें अनुष्का का बयान, इंपायर क्लीनिक का निरीक्षण और विसरा रिपोर्ट को लगाया जाए, तभी यह रिपोर्ट पूरी मानी जाएगी। सीएमओ का कहना है कि इन चीजों का इंतजार कर रहे हैं।

प्लास्टिक सर्जन की राय शामिल की जाए
सौंपी गई रिपोर्ट उस निजी अस्पताल के दस्तावेजों पर आधारित है, जहां हालत बिगड़ने पर विनीत का इलाज हुआ था। एसीएमओ डॉ. आर के गुप्ता की अध्यक्षता में बनी स्वास्थ्य कमेटी में उर्सला के फिजीशियन डॉ. शैलेंद्र तिवारी और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. रत्नेश प्रभाकर शामिल हैं। कमेटी ने यह भी सुझाव दिया है कि किसी प्लास्टिक सर्जन की राय इसमें शामिल की जाए।

कमेटी ने जो रिपोर्ट सौंपी है, वह अभी अधूरी है। इसमें अनुष्का का बयान, क्लीनिक का निरीक्षण वहां के साक्ष्य, विसरा रिपोर्ट शामिल नहीं है। इसलिए इसे अभी आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। अगर पुलिस की ओर से इसकी मांग की जाती है, तो उन्हें, जो कमियां रह गई हैं उन्हें इंगित करते हुए यही रिपोर्ट भेज देंगे। अगर क्लीनिक खुल जाएगा तो वहां पर जाकर जांच कराएंगे और उसे भी इस रिपोर्ट में शामिल करेंगे।  -डॉ. हरिदत्त नेमी, सीएमओ

सामान्य महिला बंदी गृह में गुजारी डॉ. अनुष्का ने रात
हेयर ट्रांसप्लांट के बाद दो इंजीनियरों की मौत की आरोपी डॉ. अनुष्का को सोमवार को जेल में दाखिल कराया गया। इससे पहले उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसमें उसका ब्लड प्रेशर और हार्ट बीट नार्मल रही। जेल प्रशासन ने उसे अन्य महिला बंदियों के साथ सामान्य बंदी गृह में रखा है। जेल सूत्रों के अनुसार डॉ. अनुष्का बैरक के अंदर एक कोने में पूरी रात बैठी रही।

न्यायिक हिरासत में भेज दिया था जेल
18 दिन से फरार डॉ. अनुष्का ने सोमवार को पुलिस को चकमा देते हुए दो अधिवक्ताओं की मौजूदगी में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सूरज मिश्रा के कोर्ट में सरेंडर किया था। उस दौरान उसके पति डॉ. सौरभ त्रिपाठी भी मौजूद रहे। कोर्ट ने डॉ. अनुष्का को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। जेल सूत्रों के अनुसार डॉ. अनुष्का बैरक के अंदर एक कोना पकड़कर बैठ गई।

किसी की बात का कोई जवाब नहीं दिया
पूरी रात चुपचाप बैठी रही। खाने में सिर्फ दो रोटियां ही खाईं। डॉ. अनुष्का से कुछ महिला बंदियों ने बात करने का प्रयास किया। हालांकि उसने किसी की बात का कोई जवाब नहीं दिया। ज्यादातर महिला बंदी खुद ही उससे दूरी बनाए रहीं। डॉक्टर के हावभाव देखकर समझ आ रहा था कि वह भयभीत है।

महिला बंदी को सामान्य महिला बंदीगृह में रखा गया है। उनके मेडिकल परीक्षण में सब नॉर्मल मिला है। उनको कोई भी अतिरिक्त सुविधा नहीं दी गई है।  -डॉ. बीडी पांडेय, जेल अधीक्षक

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed