ठंड से कई लोगों की हालत बिगड़ी, 9 की मौत और 70 से ज्यादा भर्ती, बरतें ये एहतियात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कार्डियोलॉजी की इमरजेंसी में सुबह छह बजे काकादेव के प्रह्लाद नाथ को ले जाया गया। बेड टी लेते वक्त उनके सीने में हल्का सा दर्द उठा और बेड पर ही लुढ़क गए। परिजन उन्हें कार्डियोलॉजी ले गए लेकिन उनकी मौत हो गई। इसी तरह सुशील त्रिपाठी सुबह स्वस्थ थे। अचानक तबीयत बिगड़ी और जब कार्डियोलॉजी ले जाया गया तो ईसीजी रिपोर्ट फ्लैट आई। इसी तरह बर्रा के राकेश कुमार बर्रा, गोविंदनगर की मोहिनी देवी, कल्याणपुर के कृपालु, पी रोड के राजेश और चमनगंज के अनीस की भी रास्ते में मौत हो गई। कार्डियोलॉजी लेकर पहुंचे परिजनों ने बताया कि रोगियों को पहले सीने में हल्का सा दर्द उठा, फिर तबीयत अचानक बिगड़ी गई। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ने से लोगों को ब्रेन अटैक पड़ रहा है। मंगलवार को शाम छह बजे तक अलग-अलग अस्पतालों में ब्रेन अटैक के 26 मरीज भरती कराए गए। कार्डियोलॉजी के निदेशक प्रो. विनय कृष्णा ने बताया कि जाड़े में नसें सिकुड़ती हैं। जो पहले से हृदय रोगी हैं, वे खासतौर पर इस सीजन में एहतियात बरतें। तबीयत खराब लग रही तो सीधे कार्डियोलॉजी पहुंचे। यहां सारी व्यवस्था करा दी गई है। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. रिचा गिरि ने बताया कि ब्लड प्रेशर बढ़ने से खून का थक्का जम जाता है, जिससे ब्रेन अटैक पड़ रहा है।
एहतियात
- गर्मी-सर्दी से बचें जिससे एक्सपोजर न हो
- ब्लडप्रेशर की जांच कराकर दवा की डोज एडजस्ट कराएं
- ठंड से बचें, सुबह और रात को ठंड में बाहर न निकलें
- रोज ढाई से तीन लीटर पानी पिएं, जिससे खून गाढ़ा न हो
- तली-भुनी चीजों और गरिष्ठ भोजन से बचें
ओपीडी में 1180 और जिला अस्पताल में 668 मरीज
कन्नौज तुलसीपुर गांव निवासी सतीशचंद्र की पत्नी शशि देवी (45) की मंगलवार की दोपहर हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें सौ शैय्या अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पति सतीशचंद्र ने बताया कि ठंड लगने से हालत बिगड़ गई थी। इसी तरह ग्राम बूंचपुर निवासी धरमपाल जोशी (65) को भी परिजन सौ शैय्या अस्पताल लाए, डॉक्टरों ने उन्हें मृत भी घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सुबह ठंड लगने से तबियत बिगड़ी थी।
मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल की ओपीडी में सर्दी जनित बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 1180 और जिला अस्पताल में 668 मरीज पहुंचे। मेडिकल कॉलेज में 15 और जिला अस्पताल में 11 मरीजों को भर्ती करना पड़ा।
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में पहुंचे मरीजों मेें करीब 500 सर्दी जनित बीमारियों से परेशान थे। सीएमएस डा. दिलीप सिंह ने बताया कि शीतलहर के दौरान बुजुर्ग व बच्चों में सर्दी लगने की आशंका बनी रहती है। गर्म कपड़े पहनकर ही बाहर निकलें।
कई इलाकों में नहीं जले अलाव
कन्नौज शहर में कई स्थानों पर अभी भी अलाव नहीं जलवाए गए हैं। बस अड्डे और रेलवे स्टेशन के आसपास देर शाम तक अलाव जलता नहीं मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अलाव के इंतजाम अभी नहीं किए गए हैं। निकाय स्तर पर ठंड से निपटने के इंतजाम कहीं नहीं हुए हैं।