एक टुकड़ा जमीन के लिए बेटे ने पिता के साथ की बर्बरता
जमीन विवाद में एक बेटे ने पिता के सिर और गले पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पिता ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस में की है। घायल को पुलिस ने कानपुर हैलट अस्पताल भेज दिया।
उन्नाव जिले के शुक्लागंज कोतवाली क्षेत्र में महेश मार्ग निवासी रामकुमार (55) पुत्र स्व.मन्नू राम ने पुलिस को बताया गुरुवार की शाम अचानक घर उनका बेटा सतीश आया। इसके बाद वह जमीन को लेकर विवाद करने लगा। फिर गाली गलौज करनी शुरू कर दी। जिसका उन्होंने विरोध किया तो मारपीट पर आमादा हो गया।
उन्होंने बेटे से पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इसी बात पर बेटे ने घर में रखे धारदार हथियार से उनके सिर और गले पर वार कर दिये। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसियों की मदद से वह कोतवाली गंगाघाट पहुंचे। कोतवाल ने बताया घायल की हालत गंभीर थी जिसे 108 एंबुलेंस से तत्काल कानपुर हैलट भेजा गया। पीड़ित की तहरीर पर एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।