Etawah: गले में गमछा बंधा शव सड़क किनारे मिला, पुलिस बोली- हत्या की आशंका है, परिजनों से नहीं मिली है तहरीर
Etawah News: परसोआ-सैफई रोड पर सड़क किनारे युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी सिटी और सीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की है।
विस्तार
इटावा जिले के जसवंतनगर में परसोआ से सैफई जाने वाले मार्ग पर बुधवार सुबह सात बजे एक युवक का शव पड़ा मिला। उसके गले में फंदा बना गमछा और पास में देशी शराब की बोतल, एक पॉलीथिन में काला पाउडर मिला है। सूचना पर एसपी सिटी, सीओ और थाना पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की है।
शव की स्थितियों को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। थाना क्षेत्र के गांव परसोआ निवासी मजदूर अभिषेक उर्फ करूं (35) पुत्र गिरिजा शंकर कस्बे के एक धान मिल में मजदूरी का काम करता था। मंगलवार सुबह छह बजे साइकिल पर सवार होकर घर से मजदूरी करने के लिए निकला था।
बुधवार सुबह गांव से 500 मीटर दूर स्थित गोशाला के पास ग्रामीणों ने एक शव पड़ा देखकर ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। इस पर एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान तथा प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने जांच पड़ताल करके परिजनों से जानकारी ली।
परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई
फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पिता गिरिजा शंकर ने बताया कि अभिषेक उनका इकलौता पुत्र था। उसके दो बच्चे हैं। इस घटना से उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई करेंगे।