Kannauj: सेल्समैन के साथ बदमाशों ने की लूटपाट, लाठी-डंडे से मारपीट कर किया लहूलुहान, जांच में जुटी पुलिस
Kannauj News: तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने सेल्समैन के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया है। इस दौरान बदमाशों ने सेल्समैन को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया।
विस्तार
कन्नौज जिले के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में दुकान बंद कर बिक्री का पैसा लेकर घर जा रहे बाइक सवार सेल्समैन के साथ घात लगाए बदमाशों ने लूटपाट कर ली। घटना में बदमाशों ने लाठी-डंडे से मारपीट कर सेल्समेनो को लहूलुहान कर दिया। लूट की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के रामपुर सादी गांव निवासी चचेरे भाई ब्रजेश कुमार व मोहित पाल क्षेत्र के ही गंभीरपुर्वा व बेलामऊ सरैया में स्थित देशी शराब की दुकान पर काम करते हैं। गुरुवार की रात को करीब 10 बजे दुकान बंद करके ब्रजेश बिक्री का करीब 39 हजार रुपये लेकर बैलामऊ सरैया वाली दुकान पर पहुंच गया।
इसके बाद दुकान बंद करके मोहित व ब्रजेश दोनों लोग चचेरे भाई योगेश के साथ बाइक से घर जाने लगे। गांव से कुछ दूर निकलते ही झाड़ियों में घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने लाठी से हमला कर दिया। हमले में बाइक सवार तीनों युवक सड़क किनारे गिर पड़े। इसी दौरान बदमाशों ने लाठी डंडो से मारपीट करना शुरू कर दिया।
घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया
मोहित से बिक्री का करीब 65 हजार रुपये छीन लिया। इधर मौका पाकर ब्रजेश भागने में कामयाब हो गया। लूटपाट कर बदमाश पीछे से आ रही एक अन्य बाइक पर सवार होकर भाग गए। घटना की खबर सुनते ही मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मामले की जांच में जुटी है पुलिस
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। लूट की घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, एसओजी की टीम समेत अन्य थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं, लूटपाट की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो रहा है। थानाध्यक्ष पारुल चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।