महोबा में सड़क हादसा: मातम में बदली खुशियां! बरातियों से भरी कार पलटी, एक की मौत और तीन गंभीर
शादी की खुशियों के बीच अचानक ऐसा हादसा हुआ कि हर कोई कांप उठा। दरअसल, अजनर-बेलाताल मार्ग पर बरातियों से भरी कार पलट गई। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। दो बरातियों को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है।
विस्तार
महोबा जिले में अजनर-बेलाताल मार्ग पर बरातियों से भरी तेज रफ्तार महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में एक बराती की मौत हो गई] जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है।
सूचना पर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। हादसे के बाद शादी की खुशियां गम में बदल गईं। शहर के मोहल्ला फतेहपुर बजरिया निवासी कुंजबिहारी के छोटे पुत्र विपिन की शादी कस्बा अजनर निवासी वृंदावन मिश्रा की पुत्री अभिलाषा से तय हुई थी।
बुधवार की रात बरात बस और चार पहिया वाहनों से अजनर जा रही थी। बेलाताल के पास बरातियों से भरी बस अचानक खराब हो गई। इसकी सूचना दूल्हे के पिता को दी गई। बस खराब होने पर तीन चार पहिया वाहनों को बस में सवार बरातियों को लेने के लिए भेजा गया।
राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
रात करीब 11 बजे बरातियों से भरी महिंद्रा कार अजनर से तीन किमी पहले अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। राहगीरों ने कार में फंसे घायल बजरिया निवासी मुन्नीलाल (65), पूरनलाल (63), पप्पू उर्फ कामता (48) और चालक दृगपाल (30) को बाहर निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
दो बरातियों को किया मेडिकल कॉलेज रेफर
यहां मुन्नीलाल की मौत हो गई, जबकि अन्य तीनों घायलों की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।