कन्नौज: ट्रैक्टर-ट्रॉली में तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, कानपुर से लौट रहे चचेरे भाई की मौत; दो गंभीर
Kannauj News: कानपुर से जेसीबी का काम निपटाकर लौट रहे तीन चचेरे भाइयों की ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
विस्तार
स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया।
घायल आमीन ने बताया कि वह अपने दो चचेरे भाइयों फैजान और नाजिम के साथ जेसीबी चलाने का काम करता है। तीनों कानपुर में एक साइट पर जेसीबी चला रहे थे। काम पूरा होने के बाद उन्हें सिकंदरपुर के पास खड़ी जेसीबी को लेकर मेरठ जाना था। इसके लिए तीनों ने जेसीबी को ट्रैक्टर की ट्रॉली में लादा और मेरठ के लिए रवाना हो गए।
पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
तीनों चचेरे भाई ट्रैक्टर-ट्रॉली से आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसने ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने दुर्घटना के बाद तत्काल मदद शुरू की। घायलों को किसी तरह ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से तीनों को सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में फैजान को मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने फैजान को मृत घोषित कर दिया। वहीं आमीन और नाजिम की हालत गंभीर होने पर उनका प्राथमिक उपचार किया गया। हालत नाजुक देखते हुए दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिवार में सबसे छोटा था फैजान
परिजनों के अनुसार फैजान पांच भाइयों रिजवान, इसरार, मेहरबान, फरमान और फैजान में सबसे छोटा था। वह अविवाहित था और पेशेवर जेसीबी चालक के रूप में काम करता था। उसके पिता किसान हैं, जबकि मां का नाम अनवरी है।फैजान की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई।