Farrukhabad: लोहिया महिला अस्पताल में बायोकैमिस्ट्री मशीन खराब, लीवर व किडनी की जांचें बंद, मरीज परेशान
Farrukhabad News: सीएमएस डॉ. कैलाश दुल्हानी ने पहले मशीन खराब होने से अनभिज्ञता जताई। जब चार दिन से खराब होने की जानकारी दी गई, तो बताया कि वह अभी दिखवाकर सही कराने के लिए इंजीनियर को बुलाएंगे।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में डॉ. राममनोहर लोहिया महिला अस्पताल के जिम्मेदारों की लापरवाही से तीन दिन से लैब में लगी बायोकैमिस्ट्री मशीन खराब है। इससे लीवर, किडनी समेत 16 जांचें बंद हैं। रोजाना औसतन करीब 90 मरीजों की जांच के लिए भटकना पड़ रहा है।
लोहिया महिला अस्पताल की लैब में आने वाले मरीजों के लिए अलग से जांच की व्यवस्था की गई है। इसमें लगी बायोकैमिस्ट्री मशीन के सॉफ्टवेयर में सोमवार सुबह ही तकनीकि दिक्कत आ गई थी। इसके बाद लैब के जिम्मेदारों ने अस्पताल प्रशासन को सूचना दी।
चार दिन बीतने के बाद भी गुरुवार शाम तक मशीन को सही नहीं किया जा सका। इससे किडनी, लीवर, कार्डियो, इन्फेक्शन, बच्चों का इन्फेक्शन, पीलिया, गठिया समेत करीब 16 बीमारियों की जांच होना बंद हो गई हैं। इन बीमारियों से औसतन रोजाना 90 मरीजों का आना होता है।
मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है
इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन ने इस मशीन को सही कराने की जरूरत नहीं समझी। महिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को लैब के कर्मचारी पुरुष अस्पताल में भेजते हैं। यहां भीड़ होने की वजह से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सीएमएस बोले- इंजीनियर को बुलाएंगे
स्थिति यह है कि परेशानी से बचने के लिए कई महिला मरीज निजी लैब में जाने को मजबूर होते हैं। सीएमएस डॉ. कैलाश दुल्हानी ने पहले मशीन खराब होने से अनभिज्ञता जताई। जब चार दिन से खराब होने की जानकारी दी गई, तो बताया कि वह अभी दिखवाकर सही कराने के लिए इंजीनियर को बुलाएंगे।