10 लाख की आबादी पर जल संकट: बैराज वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तीन दिन के लिए बंद, जलकल विभाग ने किया वैकल्पिक बंदोबस्त
बैराज वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से पांच करोड़ लीटर पानी शोधित होता है, जो अज से तीन दिन के लिए बंद रहेगा। इससे 10 लाख की आबादी को पानी का संकट झेलना पड़ेगा। विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए पानी के नि:शुल्क टैंकर के लिए 05122549018 नंबर जारी किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में गंगा बैराज वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट 16 मई से तीन दिन के लिए बंद किया जा रहा है। भीषण गर्मी में नहर से भी पानी की आपूर्ति ठप होने के कारण सिटी और साउथ में करीब 10 लाख लोग पानी की किल्लत का सामना करने को मजबूर रहेंगे। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) बड़ा चौराहे पर भूमिगत मेट्रो स्टेशन निर्माण के दौरान मुख्य पाइप लाइन (राइजिंग मेन) शिफ्ट कर रहा है।
स्टेशन से कुछ दूर नई पाइप लाइन डाल दी गई है। उसे बैराज से लाकर फूलबाग इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन की तरफ जा रही राइजिंग मेन से जोड़ना है। मकरावटगंज में मेट्रो के पिलर निर्माण की परिधि में आ रही इसी पाइप लाइन को मोड़कर 40 मीटर दूर से डालना है। इसी तरह कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को वॉटर सप्लाई स्कॉडा परियोजना के तहत बेनाझाबर वॉटर वर्क्स में बने इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन को गंगा बैराज से आ रही मुख्य पाइप लाइन से जोड़ना है।
जल निगम के सहायक अभियंता अजमल हुसैन और अपर अभियंता राहुल तिवारी ने बताया कि मेट्रो और स्मार्ट सिटी की तरफ से इन कार्यों के लिए बैराज वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को तीन दिन के लिए बंद करने के लिए पत्र दिए गए थे। दोनों कार्यों को एक साथ कराने के लिए 16 मई से 18 मई तक बैराज वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद किया जा रहा है।
इससे पहले रविवार रात 11 बजे तक बैराज वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट चलाकर सिटी और साउथ के जोनल पंपिंग स्टेशनों में पानी पहुंचाया गया, ताकि उनसे 16 मई को दोनों वक्त घरों तक पानी की आपूर्ति हो सके। मेट्रो और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। तब तक पानी कै वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जलकल विभाग को भी अवगत कराया गया है।
एक हफ्ते से ठप है नहर से पानी की आपूर्ति
लोअर गंगा कैनाल में जलकल विभाग के बेनाझाबर वॉटर वर्क्स को होने वाली पानी की आपूर्ति ठप है। इस नहर से जलकल विभाग को रोज पांच करोड़ लीटर पानी मिलता था, लेकिन नहर में पानी कम होने की वजह से ऐसा हुआ। इसकी वजह से रामबाग, आरके नगर, नेहरू नगर, लाजपत नगर, दर्शनपुरवा, कौशलपुरी, सीसामऊ, चमनगंज आदि मोहल्लों के करीब पांच लाख लोगों को लो प्रेशर से पानी मिल रहा है।
पानी के लिए डायल करें 2549018
जलकल विभाग के अनुसार बैराज प्लांट बंद होेने के मद्देनजर पानी के वैकल्पिक बंदोबस्त किए गए हैं। जिस मोहल्ले में नलों से पानी न आए, वे जलकल विभागके कंट्रोल रूम का फोन नंबर 05122549018 डायल कर सकते हैं। वहां पानी का टैंकर नि:शुल्क भेजा जाएगा।