Auraiya: रेलवे क्रासिंग पर खराब हुआ मौरंग लदा ट्रक, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें थमीं, आधे घंटे ठप रहा ट्रैक
Auraiya News: कंचौसी रेलवे क्रासिंग पर ट्रक खराब होने से दिल्ली-हावड़ा रूट पर रेल यातायात बाधित हो गया। वंदे भारत और मेमू पैसेंजर को आउटर पर रोका गया।
विस्तार
कंचौसी रेलवे क्रासिंग पर बुधवार की सुबह औरैया से रसूलाबाद की ओर जा रहा मौरंग लदा ट्रक रेलवे ट्रैक पर खराब हो गया। इसके चलते बनारस से दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस और टूंडला से कानपुर जाने वाली मेमू प्रभावित हुई। बुधवार सुबह 10 बजे दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के कंचौसी रेलवे क्रासिंग पर औरैया से रसूलाबाद मौरंग लदा ट्रक कन्नौज जा रहा था।
जैसे ही ट्रक रेलवे क्रासिंग पर पहुंचा, तो अचानक खराब होकर बंद हो गया। ट्रक चालक कई बार कोशिश की पर ट्रक स्टार्ट नहीं हुआ। इसी बीच डीएफसी ट्रैक पर कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी के आने की सूचना हुई। जब गेटमैन ने रेलवे क्रासिंग बंद करने की कोशिश की, तो क्रासिंग बंद नहीं हो पाई। तब तक ट्रेन होम सिग्नल के पास आकर खड़ी हो गई। इस पर गेटमैन ने ड्यूटी पर तैनात स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार को सूचना दी।
मशक्कत के बाद ट्यूचिंग से हटाया गया ट्रक
इसके बाद स्टेशन अधीक्षक ने रेलवेकर्मियों को मौके पर बुलाया और एक दूसरे ट्रक के साथ ट्यूचिंग की मदद से ट्रक को ट्रैक से हटवाया। इसके चलते वंदे भारत करीब पांच मिनट खड़ी रही। वहीं, मेमू पैसेंजर सहित डीएफसी ट्रैक की मालगाड़ी करीब आधे घंटे तक आउटर पर खड़ी रही। स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया ट्रैक के बीच ट्रक खराब होने से ट्रेनों को आउटर पर रोका गया था। ट्रैक से हटते ही ट्रेनों को रवाना किया गया है।