शादी से इनकार, हैवान बना प्रेमी: युवती को मनचले ने मारी गोली, युवक बना रहा था दबाव, घर वाले नहीं थे तैयार
Hamirpur News: राठ कोतवाली क्षेत्र में एक सिरफिरे प्रेमी से युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवक शादी को लेकर दबाव बना रहा था, लेकिन युवती के घर वाले तैयार नहीं थे।
विस्तार
हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली क्षेत्र के बसेला गांव में एक युवती को मनचले ने गोली मार दी। मां और दादी के साथ युवती घर पर सो रही थी। आनन फानन में परिजन युवती को इलाज के लिए ग्वालियर ले जा रहे थे, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बसेला गांव निवासी रामकुमार की पुत्री पूजा (22) अपनी मां चैना और दादी श्याम भाई के साथ मंगलवार की रात सो रही थी। तभी गांव का एक युवक अपने साथियों के साथ आया और पूजा को उठाकर सीढ़ियां से घसीटते हुए नीचे लाया।
यहां पर परिजनों के विरोध जताने पर मनचले युवक ने पूजा को पीठ में अवैध तमंचे से गोली मार दी। गोली पीठ से पार होती हुई पेट के रास्ते निकल गई। खून से लथपथ पूजा को सीएचसी लेकर आए, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर कर दिया।
युवक-युवती में तीन साल से प्रेम प्रसंग
झांसी से ग्वालियर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पूजा और आरोपी युवक के तीन साल से प्रेम संबंध थे। परिजनों द्वारा शादी से राजी न होने पर तैश में आकर उसे गोली मार दी। युवती की मौत की सूचना पर पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए परिजनों से भी पूछताछ की है। एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि युवक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि युवक और युवती में पिछले तीन वर्ष से प्रेम संबंध था।
पुलिस ने तमंचा किया बरामद, युवक गिरफ्तार
युवती के परिवार वाले शादी के लिए राजी नहीं थे। इससे गुस्से में आकर उसके द्वारा हमला किया गया है। उसके कब्जे से हमला कारित करने में प्रयोग किए गए तमंचा को बरामद कर लिया गया है। मामले में जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।