{"_id":"571131ac4f1c1b93154a6bb8","slug":"before-sister-married-life-has-gone","type":"story","status":"publish","title_hn":"बहन की शादी से पहले चली गई जान","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
बहन की शादी से पहले चली गई जान
ब्यूरो/अमर उजाला कन्नौज
Updated Sat, 16 Apr 2016 12:09 AM IST
विज्ञापन
दुर्घटना
गुरसहायगंज। क्षेत्र के गांव जौहराखेड़ा के पास सड़क किनारे खड़े एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पड़ोसी जनपद फर्रुखाबाद के थाना कमालगंज के गांव बरिया नगला निवासी रोहित कुशवाहा (25) पुत्र बलवंत कुशवाहा शादी विवाह में खाना बनाने का काम करता है। एक शादी समारोह में काम करने के बाद वह शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे घर लौटने के लिए रवाना हो गया। वह गांव जौहराखेड़ा के सामने रामाश्रम-निजामपुर मार्ग किनारे अपने गांव के ही साथी धर्मेंद्र (24) पुत्र सूबेदार के साथ खड़े होकर सवारी का इंतजार करने लगा।
विज्ञापन
इसी बीच तेज गति से आए किसी अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी और फरार हो गया। टक्कर लगने के बाद दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल रोहित ने थोड़ी देर बाद ही घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल धर्मेंद्र को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा। वहां हालत गंभीर होने पर उसे कन्नौज जिला अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना को अंजाम देने वाला अज्ञात वाहन लेकर चालक फरार हो गया। मामले में मृतक के चाचा ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
बड़ी बहन की शादी आज
गुरसहायगंज। युवक रोहित पांच बहनों के बीच अकेला भाई था। उसकी बड़ी बहन नन्हीं की 16 अप्रैल को शादी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सैकड़ों लोगों की घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इस हादसे ने हर किसी को झकझोरकर रख दिया।
विज्ञापन