{"_id":"6ac72171a7fdf21a4b05e39f","slug":"ajmer-based-gang-travels-400-km-to-commit-theft-worth-lakhs-one-member-arrested-search-for-others-underway-ratlam-news-c-1-1-noi1428-4810166-2026-10-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"रतलाम: दो साल पुरानी 50 लाख की सनसनीखेज चोरी का खुलासा, अजमेर से आया था अंतरराज्यीय गिरोह, एक आरोपी गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रतलाम: दो साल पुरानी 50 लाख की सनसनीखेज चोरी का खुलासा, अजमेर से आया था अंतरराज्यीय गिरोह, एक आरोपी गिरफ्तार
Thu, 08 Oct 2026 12:46 PM IST
रतलाम ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम
Published by: रतलाम ब्यूरो
Updated Thu, 08 Oct 2026 12:46 PM IST
सार
सितंबर 2024 में कलीमी कॉलोनी में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार वारदात अजमेर के अंतरराज्यीय गिरोह ने की थी। एक आरोपी गिरफ्तार है, जबकि उसके तीन साथियों की तलाश जारी है।
विज्ञापन
पुलिस हिरासत में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रतलाम के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र की कलीमी कॉलोनी में करीब दो साल पहले हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार वारदात को करीब 400 किलोमीटर दूर राजस्थान के अजमेर से आए अंतरराज्यीय गिरोह ने अंजाम दिया था। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है जबकि उसके तीन अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर की रात कलीमी कॉलोनी निवासी इस्माईल अपनी पत्नी के साथ कम्युनिटी हॉल में खाना खाने गए थे। इसी दौरान चोर घर में दाखिल हुए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। दंपती रात करीब 9:45 बजे घर लौटे तो अलमारी से जेवर गायब मिले। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई। इसके बाद इस्माईल ने दीनदयाल नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
विज्ञापन
लंबित मामलों की जांच में सामने आया गिरोह
एसपी अमित कुमार ने जिले में लंबित चोरी के मामलों के जल्द निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे। इसके बाद सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच दोबारा शुरू की। पुलिस टीम ने घटना से जुड़े फोटो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को वारदात में राजस्थान के अजमेर के एक अंतरराज्यीय गिरोह के शामिल होने की जानकारी मिली।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: शहडोल: कमिश्नर के दौरे के बाद भी नहीं सुधरे हालात, कलेक्टर से मिलने पैदल निकलीं एकलव्य विद्यालय की छात्राएं
अजमेर पहुंची पुलिस टीम, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार जांच में गिरोह के एक सदस्य 22 वर्षीय कालू पिता रतनलाल बागड़ियां, निवासी ग्राम छपनेर, जिला अजमेर की जानकारी सामने आई। आरोपी के अजमेर क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना पर पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर रतलाम लाई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर कलीमी कॉलोनी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब आरोपी से गिरोह की अन्य वारदातों और उसके साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
तीन अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस ने आरोपी के तीन अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए अलग टीम गठित की है। टीमों को संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया है। पुलिस अब गिरोह से अन्य इलाकों में भी चोरी की वारदातों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
