झांसी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मंगलवार को लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में सामूहिक वंदेमातरम गायन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों और स्कूली बच्चों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाया। वहीं देशभक्ति के तरानों पर स्कूली बच्चों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस मौके पर आरएसएस के अखिल भारतीय सह व्यवस्था प्रमुख अनिल ओक ने कहा कि देश के लिए सफल नहीं सार्थक जीवन देने वालों की आवश्यकता है। जो सफल जीवन जीता है, वह अपनी हैसियत बनाता है, लेकिन जो सार्थक जीवन जीता है वह अपनी हस्ती बनाता है। उन्होंने बताया कि अमृत महोत्सव के रूप में आजादी की लड़ाई के सभी शहीदों और वीरों को स्मरण किया जा रहा है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति मुकेश पांडे ने वंदे मातरम का अपने अंदाज में व्याख्यान करते हुए कहा कि इसमें मानव जीवन के समस्त तत्व विद्यमान हैं। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति गीतों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। सरस्वती बालिका विद्यामंदिर की बालिकाओं ने सामूहिक वंदे मातरम का मंच से गायन किया। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. शरद द्विवेदी, प्रवीण लखेरा, कुमार वैभव तिवारी, महापौर रामतीर्थ सिंघल, अनिल श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, सदर विधायक रवि शर्मा, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य नरेंद्र सेंगर, बीकेडी के प्राचार्य डॉ. एसके राय, मनीष तिवारी, देवप्रिया उक्सा, रसकेंद्र गौतम, शैलेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।