{"_id":"68055cc01d6f29d1820eb371","slug":"supply-of-drinking-water-through-tankers-in-localities-facing-drinking-water-crisis-from-tomorrow-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-537925-2025-04-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: पेयजल संकट वाले मोहल्लों में टैंकरों से आपूर्ति कल से","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: पेयजल संकट वाले मोहल्लों में टैंकरों से आपूर्ति कल से
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नगर निगम सभागार में रविवार को जिला प्रशासन, नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों के साथ पार्षदों की बैठक हुई। पाइप लाइन न डलने तो किसी ने टंकी के अधूरे निर्माण का मुद्दा उठाया। बताया गया कि पेयजल संकट से जूझ रहे वार्डों और मोहल्लों में जल संस्थान द्वारा टैंकरों से पेयजल आपूर्ति मंगलवार से शुरू की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सभी अवर अभियंताओं को पंपिंग स्टेशन और ट्यूबवेल की मोटर पंप, स्टार्टर आदि मशीनरी को चालू हालत में रखने के निर्देश दिए गए हैं। हैंडपंप खराब होने की सूचना मिलने के 24 घंटे में मरम्मत कराने के निर्देश अवर अभियंताओं को दिए गए हैं। रविवार को 36 हैंडपंपों की मरम्मत कराई गई है। 33 सुचारु हो गए हैं। तीन हैंडपंप सूखे मिले। 12 स्थलों पर टैंकर के जरिये जलापूर्ति की गई।
विज्ञापन
बैठक में पार्षदों ने मुद्दा उठाया कि कनेक्शन न होने के बाद भी जल संस्थान द्वारा बिल भेजे जा रहे हैं। शासनादेश का हवाला देते हुए पार्षदों को बताया गया कि जो भवन, परिसर विभागीय पाइप लाइन से सौ मीटर अर्धव्यास की परिधि के अंतर्गत हैं, उन सभी भवनों पर जलकर देय है। चाहे उन भवनों पर जल संयोजन लगा है अथवा नहीं। जलकर नगर निगम द्वारा निर्धारित भवन परिसर के वार्षिक मूल्यांकन का 12.5 फीसदी देय है। बैठक में एडीएम प्रशासन वरुण पांडेय, अपर नगर आयुक्त मो. कमर आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
पार्षदों ने ये मुद्दे उठाए
पार्षद अमित राय ने पूछा कि उनके वार्ड भट्टागांव, खिरकपट्टी में कब तक पानी चालू होगा। अधिकारियों ने कहा कि एक हफ्ते में पानी आने लगेगा। पार्षद ने जल संकट वाले क्षेत्र में टैंकर से पानी की आपूर्ति करवाने की मांग की। वार्ड 36 के पार्षद उमेश जोशी ने कहा कि प्रेमगंज द्वितीय क्षेत्र के लोग हैंडपंप पर आश्रित हैं। इंदिरा नगर में छह किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जानी बाकी है। पार्षद रितिका तिवारी ने पूछा कि वार्ड 23 खोड़न में पानी की टंकी का निर्माण कब पूरा होगा। अब दो मई को पुन: बैठक होनी है। तब तक बैठक में सामने आईं सभी समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश जल निगम के अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके अलावा भी कई पार्षदों ने मामले उठाए।