दुनारा ट्रांसमिशन से गल्ला मंडी और न्यू गल्ला मंडी आने वाली हाइटेंशन लाइन का जंपर मंगलवार की रात बर्स्ट हो गया। इससे 40 से अधिक क्षेत्रों की बिजली गुल रही। इससे लोग परेशान रहे। बड़ागांव के दुनारा स्थित ट्रांसमिशन सबस्टेशन से गल्लामंडी और न्यू गल्लामंडी सबस्टेशन को बिजली मिलती है। इन सबस्टेशनों से ओरछा गेट, तालपुरा, लक्ष्मीगेट, बड़ाबाजार, भगवंतपुरा, शिवाजी नगर, नारायण बाग फीडर जुड़े हैं। मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे दुनारा से आने वाली हाइटेंशन लाइन का जंपर गोरामछिया के निकट बर्स्ट हो गया। कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट का पता किया। रात करीब साढ़े बारह बजे बिजली को चालू किया जा सका। इसी बीच गल्लामंडी रोड पर स्थित बैंकर्स कॉलोनी के निकट रखे ट्रांसफार्मर केबल में आग लग गई, जिससे संबंधित क्षेत्रों की सप्लाई दो घंटे और बाधित रही। बिजली न आने से गल्लामंडी, तालपुरा, खुशीपुरा, कपूर टेकरी, ओरछा गेट, बाहर सैयर गेट, बकरा मंडी, सागर गेट, लक्ष्मी गेट, पारेश्वर, बंगला घाट, घासमंडी, तिलयानी बजरिया, बड़ाबाजार, कैलाश रेजीडेंसी, ओमशांति नगर, शिवाजी नगर, राजपूत कॉलोनी, डड़ियापुरा, नारायण बाग, भगवंतपुरा आदि क्षेत्र के लोग परेशान रहे।