झांसी। कोरोना वायरस के संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए व्यापार मंडलों की ओर से आयोजित की गई दो दिवसीय बाजार बंदी का पहले दिन सोमवार को मिलाजुला असर देखने को मिला। महानगर के कुछ बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, वहीं दूसरी ओर अन्य बाजारों में दुकानें खुली रहीं। महानगर के अंदरूनी हिस्सों में दुकानें खुली रहीं और कारोबार बदस्तूर जारी रहा।
रविवार को जनता कर्फ्यू के अभूतपूर्व रूप से सफल होने के बाद व्यापार मंडलों की ओर से सोमवार और मंगलवार को भी बाजार बंद रखने की अपील की गई थी। इससे महानगर के कई बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। सीपरी बाजार, सदर बाजार, मानिक चौक, बजाजा बाजार, सिंधी तिराहा आदि बाजारों में दुकानों के शटर बंद रहे और सड़कों पर भी भीड़भाड़ नहीं रही। जबकि, बड़ाबाजार, सुभाष गंज में दुकानें खुली रहीं। प्रेमनगर में मिलाजुला असर देखने को मिला। वहीं, महानगर के अंदरूनी हिस्सों में दुकानें सुबह से ही खुली रहीं और दिन भर कारोबार जारी रहा। दुकानों पर आम दिनों से ज्यादा खरीदारी हुई। खासतौर पर शाम को खूब भीड़ उमड़ी