झांसी। विकास भवन में शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। जिला आयुष्मान गोल्डन कार्ड, पुरुष नसबंदी, कोविड व नियमित टीकाकरण में पीछे चल रहा है। डीएम रविंद्र कुमार ने सभी अधिकारियों को प्रारूप थमाते हुए तीन दिनों में जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से यह जानकारी साझा की जाए। इसके बाद कार्य योजना बनाकर इन बिंदुओं पर प्रशासन स्तर पर काम किया जाएगा।
डीएम ने कहा कि आयुष्मान गोल्डन कार्ड से लेकर परिवार नियोजन के फायदे संबंधित पैम्फ्लेट और जानकारी सार्वजनिक स्तर पर चस्पा किए जाएं। ताकि, जन-जन तक सही जानकारी पहुंचे। वह सेवा के लिए आएं। आयुष्मान गोल्डन कार्ड के विषय में संबंधित लाभार्थियों के नाम की लिस्ट पंचायत भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आदि जगह पर लगाई जाए। वहीं, परिवार नियोजन के संबंध में पुरुष नसबंदी को बढ़ावा देने के लिए इसकी जानकारी से संबंधित पैम्फ्लेट मनरेगा मजदूरों, क्रेशर श्रमिकों को बांटे जाएं। टीबी निक्षया पोषण योजना के भुगतान के लिए जिला क्षयरोग अधिकारी, जननी सुरक्षा योजना के भुगतान के लिए मेडिकल कॉलेज कर्मचारियों को सुधार करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ शैलेष कुमार, सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, डॉ. एनके जैन, डॉ. रमाकांत, डॉ. रविशंकर, डॉ. रेनू तरैया बनोरिया मौजूद रहे।