विद्यालय में विज्ञान और कला प्रदर्शनी का आयोजन
रानीपुर। बरियाबेर सड़क रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित अनेकांत एकेडमी विद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने विज्ञान पर आधारित बनाए गए मॉडलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहना की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अशोक कुमार उपाध्याय ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी के माध्यम से छात्र-छात्राओं की प्रतिभा का निखार होता है। छात्र-छात्राओं को जिस विषय में रुचि हो उसको माध्यम बनाकर अध्ययन करें। विद्यालय के प्रबंधक सुरेश चंद्र बड़कुल ने कहा कि छात्र भविष्य के सितारे हैं। ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें आगे बढ़ने में सहूलियत मिलती है। अतिथियों ने छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए लगभग 70 से अधिक मॉडलों का अवलोकन किया। इनमें मुख्य रूप से छात्रों द्वारा सौर ऊर्जा से लेकर रोबोटिक्स व जल संरक्षण से लेकर अंतरिक्ष अन्वेषण के अलावा विभिन्न विषयों पर अपने ज्ञान और कौशल का प्रदर्शन किया। जल संरक्षण, पर्यावरण, अल्फा बीटा गामा किरणें, कैसे पानी को शुद्ध किया जाए, कूलर, मिसाइल, चंद्रयान 3, बायोगैस सौरमंडल आदि मॉडल के माध्यम से बच्चों ने अतिथियों का मन मोह लिया। वहीं छात्र-छात्राओं ने शानदार कला का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अमित, अमरेंद्र, युवराज, शिवानी, मंजेश, नीतू, आकांक्षा, निकिता, खुशी, पूनम, काजल आदि उपस्थित रहे।