केराकत। कोतवाली चौराहे से सरायबीरू गांव और केराकत स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क की मरम्मत कर उसे रविवार शाम तक दुरुस्त कर दिया गया। वहीं, सड़क मरम्मत कार्य से ग्रामीणों के साथ स्टेशन जाने वाले यात्रियों को राहत हो गई है। दरअसल, अमर उजाला में बोल्डरडालकर छोड़े गए सरायबीरू मार्ग की खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित ठेकेदार और विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए। रविवार की सुबह से ही सड़क मरम्मत कार्य शुरू हो गया। शाम होते-होते सड़क तैयार हो गई।
मात्र सात सौ मीटर की सड़क बनाने में तीन माह का समय दिया गया था, लेकिन छह माह बीत जाने के बाद भी यह कार्य पूरा नहीं हो सका था। इस मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केराकत ब्लॉक, रेलवे स्टेशन और स्टेट बैंक है। गांव के लोग आवागमन के लिए भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। वहीं, ग्रामीण सालों से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग की मरम्मत की मांग जनप्रतिनिधि से लगायत लोक निर्माण विभाग तक से कर रहे थे, लेकिन किसी के कान पर जूं तक नहीं रेंग रहा था। नवंबर 2021 में जिला पंचायत ने इस मार्ग की मरम्मत का टेंडर 30.46 लाख रुपये में दिया था। ठेकेदार द्वारा गिट्टी, बोल्डर आदि सड़क पर गिरा गड्ढों को भर दिया गया, लेकिन पूरी सड़क नहीं बनाई गई थी। अमर उजाला में चार जून के अंक में पेज दो पर ‘निर्माण रह गया अधूरा सड़क पर बोल्डर गिराकर छोड़ा’ शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। इसके बाद विभाग ने आनन-फानन में रविवार शाम तक सड़क का काम पूरा कर लिया।