माधौगढ़(जालौन)। धमना गांव निवासी प्रशांत सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग की भारतीय इंजीनियरिंग सेवा (आईईएस) परीक्षा में देश में दूसरी रैंक हासिल करके परिवार संग जनपद का मान बढ़ाया है। प्रशांत के पिता धर्मेंद्र सिंह स्वास्थ्य विभाग में एक्सरे टेक्नीशियन पद पर तैनात हैं। इस उपलब्धि पर रिटायर बाबा महिपाल सिंह के घर पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
ललितपुर जिला चिकित्सालय स्थित एक्सरे अनुभाग में कार्यरत धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि प्रशांत सिंह ने सोलह वर्ष की उम्र में प्रथम प्रयास में ही आईआईटी की परीक्षा उत्तीर्ण करके इंजीनियरिंग के श्रेष्ठ संस्थान बीएचयू में प्रवेश पाया था। तीन दिन पहले आए परिणाम में संघ लोकसेवा आयोग के इंडियन इंजीनियरिंग सर्विस (आईईएस) में प्रशांत सिंह ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। जानकारी मिलते ही बाबा महिपाल सिंह, दादी बिटोली देवी, चाचा सुघर सिंह, अमरपाल सिंह सहित परिवार के सदस्यों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। प्रशांत अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां सुनीता देवी को देते हैं।