उरई। राठ रोड स्थित गोदाम में शनिवार रात आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक लाखों रुपये का नुकसान हो गया। गोदाम मालिक का कहना है कि उनका करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। कारणों का पता नहीं लग पाया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के राठ रोड स्थित विजय विक्रम पैलेस के पास सोनू यादव का गोदाम है। यहां टायर अन्य मशीनरी सामान बेचने के लिए रखा रहता है। शनिवार की रात उसमें अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक दुकान में रखा ट्रक के टायर, बैटरियां, मोबाइल, विद्युत उपकरण और ट्रैक्टर के पुर्जे आग की चपेट में आ गए। सोनू ने बताया कि आग से उसका करीब पांच लाख का सामान जल गया है। सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।