मुहम्मदाबाद। डकोर थाना क्षेत्र के मुहाना गांव में मंगलवार दोपहर के समय अचानक जंगल में आग लग गई। आग उस समय लगी जब बेड़ियां बाबा मंदिर परिसर में यज्ञ का भंडारा और सामूहिक कार्यक्रम चल रहा था। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे अफरातफरी मच गई।
आग की लपटें और उठता धुआं देखकर लोगों में दहशत फैल गई। आसपास मेले में लगी दुकानों और कार्यक्रम स्थल के नजदीक आग पहुंचने की आशंका से स्थिति गंभीर हो गई। हालांकि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए स्वयं ही आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर डकोर पुलिस को भी जानकारी दी। ग्रामीणों की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हर वर्ष जंगल में आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं। इस बार मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे आग ने विकराल रूप नहीं लिया, अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था।