जालौन। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सभी सदस्य अपने पद व दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें। यदि किसी अधिवक्ता को कोई समस्या आती है तो उसका निराकरण कराएंगे। जूनियर अधिवक्ता कानून का पूरा ज्ञान लेने की कोशिश करें। अधिवक्ता मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर वादकारियों के हित को सर्वोपरि रखें। उक्त विचार मुंसिफ कोर्ट परिसर में बुंदेलखंड एडवोकेट बार एशोसिएशन मुंसिफ कोर्ट के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला एवं सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार सिंह ने कही।
बुंदेलखंड एडवोकेट बार एशोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह मुंसिफ कोर्ट परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला जज अशोक कुमार सिंह एवं सिविल जज संदीप सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिला जज ने कहा कि जूनियर अधिवक्ताओं को किसी मामले को लेकर कोई समस्या आती है तो वह अपने सीनियर अधिवक्ताओं से सलाह ले सकते हैं। सिविल जज संदीप सिंह ने कहा कि बार एवं बैंच की कड़ी अधिवक्ताओं के साथ-साथ वादी को भी न्याय दिलाने का कार्य करती हैं। अधिवक्ता व जज का आपसी तालमेल वादकारियों को सही न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाता है। जिला जज ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामधीरज सिंह सेंगर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रशेखर कुशवाहा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष विनय माहेश्वरी, सचिव व कोषाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार लिटौरिया, सह सचिव राघवेंद्र सिंह निरंजन, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य विजय कृष्ण सक्सेना, नौशाद खान, कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य जितेंद्र दीवौलिया, दिनेश भास्कर को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। संचालन संतोष यादव ने किया। इस दौरान योगेश चंद्र त्रिपाठी, उमेश दीक्षित, जगदंबा शरण, पुष्पेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।